रांची:- कोरोना काल में अनियोजित लॉकडाउन और अर्थव्यवस्था के कुप्रबंधन के कारण अनेक युवाओं ने अपनी नौकरी गंवाई। अब जबकि देशव्यापी लॉकडाउन खुल गया है और आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ की जा चुकी है। ऐसे में राज्याभर में जिम और व्यायामशालाओं को बंद रखा जाना समझ से परे है। झारख्ंड युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव सरकार से मांग की है कि जिम और व्यायामशालाओं को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खोलने की अनुमति दी जानी चाहिए।

झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष कुमार गौरव ने कहा कि जिम और व्यायामशालाओं को खोलने की जरूरत है। इससे जहां , देश के लोगों को प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी वहीं लाखों युवा जो लॉकडाउन के कारण बेरोजगार हो गए थे उन्हें पुनः रोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी । हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि जब लॉकडाउन हटा दिया गया है और अन्य आर्थिक गतिविधियां सामान्य रूप चल रही हैं तो जिम और व्यायामशालाओं को बंद रखना समझ से परे है । केंद्र सरकार सोशल डिस्टेंसिंग की गाइडलाइन के साथ व्यायामशालाओं और जिम के संचालन की अनुमति दे।
- Advertisement -

प्रदेश युवा कांग्रेस के महासचिव सह प्रवक्ता उज्ज्वल प्रकाश तिवारी ने कहा कि खेल की तैयारी करने , स्वस्थ रहने , प्रतिरोधक क्षमता का विकास करने के लिए जिम और व्यायामशाला का संचालन जरूरी है यह युवाओं को रोजगार से जोड़ने में भी सहायक साबित होगा । कोरोना संकट को देखते हुए केंद्र सरकार ने 25 मार्च से पूरे देश में लॉकडाउन लगाया था। इससे पूरे देश में जरूरी सेवाओं के अलावा सभी आर्थिक व सामाजिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई । उस समय जिम और व्यायामशालाएं भी बंद कर दी गई थी । इससे देश में बड़े पैमाने पर लोग बेरोजगार हुए हैं । सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकॉनोमी ( सीएमआईई ) की मई की रिपोर्ट में बताया गया है कि अप्रैल महीने में पहले लॉकडाउन के दौरान 20 से 30 साल के 2 करोड़ 70 लाख युवाओं की नौकरी चली गई ।

अब जबकि पूरे देश में लॉकडाउन खत्म हो गया है, सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सभी प्रकार की आर्थिक गतिविधियां चलाई जा रही है तो व्यायामशाला और जिम पर लगी रोक अन्यायपूर्ण है और इसे हटाना चाहिए। खेल की तैयारी करना, स्वस्थ रहना और प्रतिरोधक क्षमता का विकास करना यह सब नागरिकों के मूल अधिकार का अंग है अतः हम सरकार से मांग करते हैं कि भारत की बड़ी युवा आबादी को देखते हुए जिम और व्यायाम शालाओं के संचालन पर लगी रोक अविलंब हटाई जाए ।
Report By :- Madhuri Singh (Ranchi)