EDUCATION DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने गुरुवार दोपहर मैट्रिक का रिजल्ट जारी कर दिया। JAC कार्यालय में शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने रिजल्ट जारी किए। इस बार पिछले साल की तुलना में करीब 20% अधिक बच्चे पास हुए हैं। पिछले साल जहां 75.01% स्टूडेंट्स पास हुए थे। इस साल 95.93 % स्टूडेंट्स पास हुए हैं। JAC के इतिहास में यह अभी तक का सबसे हाई स्कोरिंग रिजल्ट है। कभी भी इतनी बड़ी संख्या में बच्चे पास नहीं हुए थे।
स्टूडेंट्स JAC की वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं। JAC ने कहा है कि इस बार टॉपर की सूची नहीं जारी करेगा। इस साल मैट्रिक में 4.25 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। पहली बार JAC ने बिना परीक्षा लिए रिजल्ट जारी किया है।
- Advertisement -
80:20 के फॉर्मूले के आधार पर तैयार किया गया रिजल्ट
JAC ने इस बार रिजल्ट तैयार करने के लिए 80:20 का फॉर्मूला अपनाया है। यानी मैट्रिक के रिजल्ट के लिए 9वीं में मिले अंक से 80 प्रतिशत लिए गए हैं। वहीं, 20 प्रतिशत अंक आंतरिक मूल्यांकन या प्रैक्टिकल में मिले अंक को शामिल किया गया है। जिन विषय में प्रैक्टिकल नहीं हैं, उनमें इंटरनल असेसमेंट को शामिल किया गया है। रिजल्ट तैयार करने के लिए स्कूल स्तर पर चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी।
26 जुलाई तक अपडेट होने थे प्रैक्टिकल के मार्क्स
मैट्रिक और इंटरमीडिएट के बचे छात्र-छात्राओं की प्रैक्टिकल की परीक्षाएं 23 जुलाई से 26 जुलाई तक हुई थी। इसके लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने 20 जुलाई 2021 को शेड्यूल जारी किया था। प्रैक्टिकल परीक्षा की अनुमति आपदा प्रबंधन विभाग ने दी थी। प्रैक्टिकल परीक्षाओं के मार्क्स 26 जुलाई तक अपडेट किए जाने थे। इसके लिए बोर्ड की तरफ से एक विशेष पोर्टल तैयार किया गया था।
Report By :- KASHISH BHATNAGAR, EDUCATION DESK, NATION EXPRESS, RANCHI