WEATHER DESK, NATION EXPRESS, MUMBAI
दक्षिण-पश्चिम मानसून बुधवार को मुंबई पहुंचा गया। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए 9 और 10 जून के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी इन जिलों में भारी बारिश हो सकती है। IMD मुंबई ने कहा कि सैटेलाइट ऑब्जर्बेशन के मुताबिक मुंबई शहर और उपनगरों में अगले 3-4 घंटों के दौरान 2-3 सेमी प्रति घंटा के हिसाब से बारिश की संभावना है।
अभी भी शहर के कई इलाकों में बारिश हो रही है। सुबह से जारी बारिश के कारण सड़कों पर अभी भी घुटनों तक पानी जमा हो गया है। IMD मुंबई के उप महानिदेशक डॉ. जयंत सरकार के मुताबिक सामान्य तौर पर मुंबई में मानसून हर साल 10 जून को पहुंचता है। लेकिन इस बार समय से एक दिन पहले दस्तक दे दी है। मुंबई में भारी बारिश को देखते हुए लोकल ट्रेन सेवा को कुर्ला और CSMT स्टेशन के बीच सुबह 9.50 बजे से रोक दिया गया है।
- Advertisement -
मुंबई में भारी बारिश के बीच आज समुद्र में सुबह 11.45 बजे हाईटाइड आ सकती है। इस दौरान 4 से 5 मीटर की लहरें उठने की संभावना है। इस दौरान अगर भारी बारिश जारी रही तो शहर के निचले इलाके पानी में घुटनों तक डूब सकते हैं। इससे कोरोना संक्रमण काल में मुंबई की मुसीबतें और बढ़ जाएंगी।
अगले कुछ दिन में मानसून तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के बचे हुए सभी हिस्सों में सक्रिय हो जाएगा। अगले 4-5 दिन में छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, गुजरात, तेलंगाना समेत करीब 14 राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है।
इस हफ्ते ओडिशा, पश्चिम बंगाल को भिगोएगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक 10 जून के बाद पूर्वी भारत और उससे लगे मध्य भारत में खास कर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गांगीय क्षेत्र में, 11 जून को बंगाल और बिहार, 11-12 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में इस मानसून का पहला कम दबाव का क्षेत्र तैयार हो रहा है। इसके असर से ओडिशा, सिक्किम, झारखंड, बिहार, पूर्वी UP, MP और गुजरात के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच जाएगा।
गोवा, महाराष्ट्र, गुजरात में 11-13 जून के बीच भारी बारिश के आसार
दूसरी ओर दक्षिणी गुजरात के तट पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इसके असर से कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिणी गुजरात, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में 11-13 जून के बीच भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक देशभर में 8 जून तक करीब 33.6 मिमी बारिश हो चुकी है जो, 1 से 8 जून तक होने वाली सामान्य औसत बारिश (28.3 मिमी) से 18% (5.3 मिमी) ज्यादा है।
कोलकाता में यास तूफान के कारण औसत से 3 गुना बारिश
कोलकाता में मई महीने में यास तूफान की वजह से औसत से 3 गुना ज्यादा बारिश हो चुकी है। जून के पहले हफ्ते में भी प्री-मानसूनी बारिश जारी है। उधर, मुंबई में जून में बारिश का सामान्य औसत 493.1 मिमी है, जबकि बीते 8 दिन में वहां कुल 135.3 मिमी बारिश हो चुकी है।
Report By :- PALLAVI SINGH, WEATHER DESK, NATION EXPRESS, MUMBAI