CRIME DESK, NATION EXPRESS, चंडीगढ़
दिल्ली के बाद अब पंजाब पुलिस के खिलाफ राजस्थान में किडनैपिंग के आरोप में FIR दर्ज हुई है। यह केस कोटा में दर्ज किया गया है, जिसमें होशियारपुर के DSP और थाना प्रभारी समेत 14 पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है। पंजाब पुलिस ने कोटा से 21 साल के युवक को उठाया, लेकिन उसकी गिरफ्तारी दिखाई 881 किलोमीटर दूर होशियारपुर से। इसके बाद उसके खिलाफ 10 किलोग्राम अफीम रखने का केस दर्ज कर दिया। युवक पिछले 3 महीने से गुरदासपुर की जेल में बंद है।
युवक के परिजनों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। हाईकोर्ट के ऑर्डर के बाद ही कोटा पुलिस ने केस दर्ज किया है। हालांकि इस मुद्दे पर अब कोई भी पुलिस अफसर कुछ कहने को तैयार नहीं है। वह मामले की जानकारी न होने की बात कह रहे हैं। हालांकि केस दर्ज होने के बाद अब होशियारपुर पुलिस के सभी अफसर मीटिंग कर रहे हैं।
- Advertisement -
मार्च महीने में केस दर्ज करने के लिए यह थी पुलिस की कहानी
7 मार्च को होशियारपुर पुलिस ने NDPS एक्ट का केस दर्ज किया था, जिसमें दावा किया था कि हरनूर सिंह नामक शख्स से 10 किलोग्राम अफीम बरामद की गई है। पुलिस ने हिमाचल प्रदेश की तरफ से आ रही राजस्थान नंबर की गाड़ी को रोका। उसमें से यह अफीम बरामद हुई।
ऐसे ट्रैक हुई लोकेशन
पंजाब पुलिस 7 मार्च को हरनूर को कोटा से उठाकर ले गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटा तो अगले दिन पिता निर्मल सिंह ने थाना कलेरा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी। फिर उन्होंने हरनूर की एप्पल ID के जरिए लोकेशन ढूंढनी शुरू कर दी। उन्हें हैरानी हुई, जब उसकी आखिरी लोकेशन होशियारपुर के SSP के घर की आई। इसके बाद उन्होंने पठानकोट के एसएसपी के जरिए पता करवाया। तब उन्हें पता चला कि हरनूर पर होशियारपुर पुलिस ने 10 किलोग्राम अफीम बरामदगी का केस दर्ज हुआ है। इस मामले में तुरंत पुलिस ने चालान तक पेश कर दिया। हालांकि अब उस पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है।

सीसीटीवी फुटेज से फंसी पंजाब पुलिस
बेटे पर केस के बारे में पता चला तो परिजनों ने पड़ताल की। इसमें पता चला कि उसकी गिरफ्तारी होशियारपुर से दिखाई गई है। इसके बाद परिजनों ने पहले उस होटल की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई, जहां पुलिस वाले उनके बेटे को मिले थे। फिर रास्ते में एक होटल में रुककर उन्होंने खाना खाया था, वहां के भी फुटेज निकाले गए। कोटा से होशियारपुर तक के सभी टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज भी परिजनों ने निकलवाए। जिसके बाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी कि होशियारपुर पुलिस ने झूठा केस दर्ज किया है।
IELTS के बहाने बुलाया था, 2 गाड़ियों में पहुंचे पुलिस कर्मी
परिजनों के मुताबिक हरनूर को फोन गया था। जिसमें कहा गया कि वह IELTS का काम करते हैं। हमें राजस्थान में कुछ लड़कों की जरूरत है। इसके बाद 21 साल के हरनूर ने क्लार्क होटल में बुला लिया। वहीं से पंजाब पुलिस की टीम उसे उठा लाई। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि पुलिस वाले एक इनोवा और सरकारी बोलेरो गाड़ी लेकर वहां गई थी।
इन पुलिसकर्मियों पर दर्ज हुआ केस
किडनैपिंग केस के आरोप में लखवीर सिंह, गुरलाभ सिंह, लाल सिंह, गुरनाम सिंह, महेश शंकर, आरती, बूटा सिंह, सुखदेव सिंह, सुमित कुमार, गुरप्रीत, त्रिलोक सिंह्र, रमन कुमार, जसप्रीत सिंह और एक PPS अफसर (DSP) को नामजद किया गया है। राजस्थान पुलिस ने इस मामले में IPC की धारा 365, 343, 394, 120B, 115, 167 और NDPS एक्ट की धारा 59 के तहत केस दर्ज किया है।
Report By :- MOHINI SINGH, CRIME DESK, NATION EXPRESS, चंडीगढ़