IAS राहुल पुरवार से तलाक लेकर अभिषेक झा से दूसरी शादी रचाने वाली पूजा सिंघल को मनी लौंड्रिंग के तहत 10 साल की हो सकती है सजा
POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी की जद में आई वरिष्ठ आइएएस अधिकारी पूजा सिंघल और उनके करीबियों के लिए आने वाले दिन मुश्किल भरे होंगे। ईडी के सूत्रों के मुताबिक पूजा सिंघल के तमाम ठिकानों पर छापेमारी में अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर प्रापर्टी के दस्तावेज और नकदी की बरामदगी की है। छापेमारी की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद ईडी तमाम दस्तावेज की स्क्रूटनी अपने स्तर से करेगा। इसके बाद पूजा सिंघल समेत अन्य को पूछताछ के लिए समन भेजा जाएगा। ईडी उनका बयान दर्ज करेगा। अगर जांच के क्रम में यह साबित हो गया कि उन्होंने अवैध तरीके से पूरी संपत्ति अर्जित की है तो उसे अटैच करने की दिशा में कार्रवाई होगी। राज्य में ईडी से जुड़े अन्य मामलों में ऐसा हो चुका है। मुकदमे की प्रक्रिया आरंभ करने के लिए ईडी आरोपपत्र तैयार करेगा। इसमें मनी लौंड्रिंग के तहत भी कार्रवाई संभव है। ईडी के समक्ष बयान दर्ज कराना होगा। अगर आरोप साबित हुआ तो इस मामले में 10 वर्ष तक की सजा हो सकती है। पूछताछ के बाद आरोपितों को गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
आइएएस पूजा सिंघल के पहले पति झारखंड कैडर के आइएएस अधिकारी राहुल पुरवार थे। लगभग 12 वर्ष पहले पारिवारिक विवाद के बाद दोनों का तलाक हो गया। उसके बाद पूजा सिंघल ने अभिषेक झा नामक युवक से शादी कर ली। अभिषेक झा पल्स अस्पताल का संचालन करते हैं। पूजा सिंघल के दूसरे पति अभिषेक झा बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले हैं। मुजफ्फरपुर स्थित आवास पर भी ईडी ने छापेमारी की है। वहां भी पूजा सिंघल खूब चर्चा में हैं। अभिषेक झा का घर मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा इलाके में है। इस पैतृक घर के अलावा मुजफ्फरपुर शहर के एक अन्य मोहल्ले में भी ईडी ने छापेमारी की है। यह दूसरा घर अभिषेक झा की बहन अमिता झा का बताया जा रहा है।
- Advertisement -
पिता कामेश्वर झा बिहार के मधुबनी के रहने वाले
उधर, ईडी ने अभिषेक झा के पिता कामेश्वर झा को बिहार के मधुबनी जिले से हिरासत में लेकर पूछताछ की है। बताया जा रहा कि अभिषेक झा के पिता ने भी पूजा सिंघल की काली कमाई से आलीशान भवन बना रखा है। कामेश्वर झा मूलत: मधुबनी जिले के ही रहने वाले हैं। वह बिहार सरकार के रिटायर्ड पदाधिकारी रहे हैं। कामेश्वर झा ने मधुबनी के अलावा मुजफ्फरपुर शहर में भी आलीशान भवन बना रखा है।

रांची से लेकर कोलकाता तक अचल संपत्ति
भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी पूजा सिंघल ने इस वर्ष जो वार्षिक आय-व्यय का ब्योरा जमा किया है, उसके अनुसार रांची से लेकर कोलकाता तक उनके पास अचल संपत्ति है। कोलकाता के राजारहाट में 2008-09 में 30 लाख के घर से हर वर्ष पूर्व पति राहुल पुरवार के साथ संयुक्त रूप से छह लाख रुपये किराए के तौर कमाई होती है। रांची के सुकुरहुटु में सिविल सर्विस आफिसर्स को-आपरेटिव सोसाइटी में वर्ष 2008-09 में 78 हजार वर्ग फीट भूखंड स्वयं के नाम से खरीदा, जिसकी उस वक्त कीमत 88 हजार रुपये थी।

रांची के बरियातू में भी आर्किड बिल्डिंग में व्यावसायिक स्पेस
बरियातू में 4500 वर्गफीट व्यावसायिक स्पेस आर्किड बिल्डिंग में है, जिसकी कीमत 1.10 करोड़ रुपये है। इसकी खरीदारी फरवरी 2012 में की गई है। यह संपत्ति उनके दूसरे पति अभिषेक झा के नाम पर है और इसका दस लाख रुपये किराया आता है। रांची के अशोक नगर में पूजा सिंघल ने अपने पति अभिषेक झा के साथ बैंक लोन लेकर 80 लाख रुपये में एक मकान खरीदा है, जिससे हर वर्ष तीन लाख रुपये आय होती है
अवैध खनन मामले में झारखंड की वरिष्ठ आइएएस अधिकारी पूजा सिंघल व उनसे जुड़े व्यक्तियों के 25 ठिकानों पर शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये ठिकाने झारखंड के रांची, खूंटी, राजस्थान के जयपुर, हरियाणा के फरीदाबाद व गुरुग्राम, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, बिहार के मुजफ्फरपुर व दिल्ली एनसीआर में हैं। अभी मिली जानकारी के अनुसार पूजा सिंघल के सीए सुमन सिंह के आवास से भारी मात्रा में नकदी (करीब 25 करोड़) बरामद होने की सूचना है। जानकारी ये भी है कि बरामद नकदी की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई है। ये पैसे इनके चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) के यहां से मिली है।
पूजा सिंघल के सरकारी आवास, चार्टर्ड अकाउंटेंट आवास व पल्स अस्पताल में दबिश
ईडी ने पूजा सिंघल के सरकारी आवास, चार्टर्ड अकाउंटेंट के आवास व पूजा सिंघल के पति के पल्स अस्पताल में भी ईडी ने दस्तावेज खंगाला है। अब तक जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार बरामद 17 करोड़ रुपये पूजा सिंघल के चार्टर्ड अकाउेंट के ठिकाने से बरामद हुए हैं। हालांकि, ईडी की अधिकृत पुष्टि के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

झारखंड में आज दिनभर पूजा सिंघल IAS के 25 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी की चर्चा चलती रही। सीआरपीएफ के जवानों के सुरक्षा घेरे में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने झारखंड के सभी ठिकानों पर एक साथ दस्तक दी थी। इस छापेमारी में रांची के धुर्वा स्थित सीआरपीएफ के 133 बटालियन के 36 व महिला बटालियन की 14 महिला सिपाहियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था। सभी सिपाहियों को एक दिन पहले ही यह आदेश दे दिया गया था कि वे सुबह साढ़े चार बजे बटालियन मुख्यालय में रिपोर्ट करें। उन्हें यह जानकारी नहीं दी गई थी कि उन्हें जाना कहां है। सुबह साढ़े चार बजे वे मौके पर तैनात हो गए, इसके बाद ईडी के अधिकारी आए और उन्हें अपनी-अपनी गाड़ी में बैठाकर अलग-अलग ठिकानों के लिए निकल पड़े।
Report By :- SIMRAN SHUKLA / ANUJA AWASTHI, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
अवैध खनन मामले में झारखंड की वरिष्ठ आइएएस अधिकारी पूजा सिंघल व उनसे जुड़े व्यक्तियों के 25 ठिकानों पर शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये ठिकाने झारखंड के रांची, खूंटी, राजस्थान के जयपुर, हरियाणा के फरीदाबाद व गुरुग्राम, पश्चिम बंगाल के कोलकाता, बिहार के मुजफ्फरपुर व दिल्ली एनसीआर में हैं। अभी मिली जानकारी के अनुसार पूजा सिंघल के सीए सुमन सिंह के आवास से भारी मात्रा में नकदी (करीब 25 करोड़) बरामद होने की सूचना है। जानकारी ये भी है कि बरामद नकदी की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई है। ये पैसे इनके चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीए) के यहां से मिली है।