CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
बीआइटी की छात्रा पल्लवी कुमारी की मौत के मामले में आरोपी पीयूष तिवारी को रांची पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी पीयूष तिवारी को बिहार के आरा जिला से गिरफ्तार किया गया है. पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी. घटना के बाद आरोपी यूपी के बनारस चला गया था. हालांकि आरोपी के बनारस से फरार होकर बिहार पहुंचने की जानकारी पुलिस को मिली थी. आरोपी के लगातार ठिकाने बदलने से पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी. एसआइटी की टीम में शामिल डीएसपी मुख्यालय एक नीरज कुमार, नामकुम थाना प्रभारी सुनील तिवारी, टाटीसिलवे थाना प्रभारी महेंद्र करमाली और एएसआइ बालेंद्र कुमार तलाश में जुटे थे. जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया. पुलिस आरोपी को आरा से लेकर रांची पहुंच रही है. पुलिस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है.
रेलवे ट्रैक के समीप मिला था युवती का शव
- Advertisement -
राजधानी रांची के नामकुम प्रखंड के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के आरा गेट डेयरी फार्म स्थित रेलवे ट्रैक के समीप से बीते सोमवार को पुलिस ने पल्लवी नाम की एक छात्रा का शव बरामद किया था. उसकी पहचान मोरहाबादी कुसुम विहार के रोड नंबर 9 निवासी विजय राम की 17 वर्षीया बेटी पल्लवी कुमारी के रूप में की गयी थी. बीआइटी मेसरा की छात्रा पल्लवी के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है. घटना के दिन युवती काले रंग की स्कूटी से दो लड़के एवं तीन अन्य दोस्तों (लड़की) के साथ वहां पहुंची थी. सभी किसी बात को लेकर आपस में विवाद कर रहे थे. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पता चला था कि युवती की मौत ट्रेन से टकराने से नहीं सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट से हुई है. आशंका जतायी जा रही है कि धारदार हथियार से मार कर हत्या की गयी है. युवती का पीयूष तिवारी के साथ विवाद हुआ था.
Report By :- ADITI PANDIT, CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI