कांटाटोली चौक में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध : यातायात की समस्या उत्पन्न हुई तो छोटे वाहनों का भी रूट किया जाएगा डायवर्ट
NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
राजधानी रांची में आज से नो एंट्री लागू रहेगा। कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण को लेकर कांटाटोली चौक में भारी वाहनों की नो एंट्री लागू कर दी गयी है। कांटाटोली चौक के आसपास भारी वाहन प्रवेश नहीं कर पाएंगे। फ्लाइओवर निर्माण कार्य प्रारंभ होने के बाद कांटाटोली चौक पर लग रहे जाम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यह बड़ा फैसला लिया है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। भारी वाहन के प्रवेश पर रोक का आदेश रविवार रात से प्रभावी होगा।
भारी वाहनों का प्रवेश पर प्रतिबंध रांची शहर में तब तक जारी रहेगा, जब तक कि फ्लाइओवर निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी किए गए आदेश में आज से प्रभावी ट्रैफिक रूट डायवर्ट को भी चिह्नित कर दिया गया है। फ्लाइओवर निर्माण को लेकर कांटाटोली में ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इसी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्ट करने का निर्णय लिया है। ट्रैफिक डीएसपी जीतवाहन उरांव ने बताया कि फ्लाइओवर निर्माण से होनेवाली ट्रैफिक समस्या से निजात दिलाने के लिए दो फेज में योजना बनाई गई है। पहले फेज में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
- Advertisement -

भारी वाहनों का रूट होगा डायवर्ट
ट्रैफिक डीएसपी जीतवाहन उरांव ने बताया कि फ्लाइओवर निर्माण कार्य को लेकर कांटाटोली में क्या-क्या बदलाव किया जाएगा, इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस की टीम कांटाटोली का निरीक्षण करेगी। इसके बाद आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। प्रथम चरण में भारी वाहन का रूट डायवर्ट किया जा रहा है। लेकिन छोटी गाड़ियां पूर्व की तरह कांटाटोली चौक से ही गुजरेंगी। इसके बाद भी यदि यातायात की समस्या उत्पन्न हुई तो फिर छोटे वाहनों का भी रूट डायवर्ट किया जाएगा।

जाम फ्री सड़क को लेकर सिटी एसपी ने आटो चालकों को चेताया
राजधानी में जाम फ्री सड़क और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर शनिवार को सिटी एसपी ने ऑटो चालक यूनियन के साथ बैठक की। यह बैठक रातू रोड, न्यू मार्केट में हुई। ऑटो चालक यूनियन के अध्यक्ष अर्जुन यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्य रूप से शहर के अंदर चलने वाले ऑटो के परिचालन में होने वाली समस्याओं एवं सुगम यातायात की व्यवस्था पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि सिटी एसपी राजधानी की ट्रैफिक से जुड़ी सभी प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। यूनियन के महासचिव सुनील सिंह ने एसपी से नागा बाबा खटाल के खाली जमीन को ऑटो स्टैंड के लिए आवंटित करने की मांग की। साथ ही, पार्किंग की व्यवस्था, नो एंट्री का बोर्ड एवं ऑटो चालकों के लिए ऑटो चला कर के लाइसेंस बनाने का मुद्दा तथा अन्य बिंदुओं पर भी बातें हुई।
Report By :- KHUSHBOO SHARMA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI