CRIME DESK, NATION EXPRESS, अलीगढ
एक तरफ जहां CM योगी आदित्यनाथ अपराधियों की गर्मी निकालने की बात करते हैं तो वहीं दूसरी तरफ BJP के नेताओं की जुबान बेकाबू होती जा रही हैं। BJP के नेता अब पुलिसवालों को ही गर्मी निकालने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। अलीगढ़ के थाना जवां में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी ने पुलिस थाने में बैठकर दरोगा को धमकी दी। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ थाने का घेराव किया और थाने में बैठकर दरोगा का नाम लेते हुए कहा कि 10 तारीख को योगी की सरकार आ रही है, मैं बताए दे रहा हूं कि दरोगा की गर्मी निकाल देंगे।

थाने में बैठकर BJP नेता की धमकी
खबर के मुताबिक थाना जवां इलाके के किसी पदाधिकारी का गांव के ही एक पक्ष से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद हो गया था, इस विवाद की शिकायत पर थाना पुलिस भाजपा पदाधिकारी को पूछताछ के लिए उठा लाई। कहा जा रहा है कि इसी दौरान थाने के दरोगा उमेश की बीजेपी नेता से गहमागहमी हो गई। जिसके बाद रविवार को BJYM के जिलाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी अपने कई समर्थकों को लेकर थाने पहुंच गए। इस दौरान उनके समर्थकों ने थाने का घेराव किया। जिसके बाद धर्मवीर ड्यूटी पर मौजूद थानेदार और दूसरे पुलिसकर्मियों को धमकाते हुए दिखाई दिए।
योगी जी सारी गर्मी निकाल देंगे
धर्मवीर ने कहा कि 10 तारीख को योगी सरकार आ रही है, ये बात दिमाग में बिठा लें, जितनी गर्मी है दरोगा की, सब निकाल देंगे हम। थाने पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी इसका विरोध किया। इसके बाद दोनों के बीच काफी गहमा-गहमी हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कांग्रेस ने किया बीजेपी पर पलटवार
वहीं दूसरी तरफ BJP नेता के बिगडे़ बोल पर कांग्रेस ने वार किया है। कांग्रेस के निवर्तमान जिला को-ऑर्डिनेटर राजीव लीडर ने कहा, ये सभी सत्ता के नशे में चूर हैं। जब प्रदेश के मुख्यमंत्री ही गर्मी और चर्बी निकालने की बात बोल रहे हैं तो इसका प्रभाव कार्यकर्ताओं पर पड़ना लाजमी है। इस मामले को लेकर जब क्षेत्राधिकारी सिविल लाइन श्वेताभ पांडेय से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि अगर ऐसी कोई घटना हुई है तो इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने अभी वीडियो नहीं देखा है, वीडियो देखने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
Report By :- SHAISTA MANSSORI, BUREAU CHIEF, NATION EXPRESS, अलीगढ