जिसका डर था वही हुआ, मोंथा चक्रवात ने तो मचा दी तबाही, झारखंड, यूपी-बिहार में आफत का अलर्ट, बारिश से मचेगा हाहाकार, IMD का अलर्ट
WEATHER DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
जिसका डर था, आखिर वही हुआ… मोंथा चक्रवात (Cyclone Montha) ने मंगलवार रात आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई. गंभीर चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) के रूप में तट से टकराने के बाद इसने दक्षिण भारत के कई हिस्सों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. तूफान का असर ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ से लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार तक दिखाई देने लगा है.
- Advertisement -

31 अक्टूबर तक बारिश की चेतावनी
बारिश से रांची की सड़कों पर जलजमाव
मंगलवार दोपहर हुई झमाझम बारिश से रांची की सड़कों पर फिर से जलजमाव की स्थिति बन गई। कई इलाकों में नगर निगम द्वारा गड्ढों में डाले गए स्टोन डस्ट बारिश में बह गए, जिससे सड़कों पर फिर गड्ढे दिखने लगे। छठ पूजा संपन्न होने के बाद हुई बारिश से लोगों को ज्यादा परेशानी तो नहीं हुई, लेकिन आवागमन प्रभावित रहा। बुधवार से स्कूल खुलने वाले हैं, ऐसे में यदि बारिश और हवा का असर जारी रहा, तो बच्चों के लिए स्कूल जाना मुश्किल हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 अक्टूबर तक कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और 60 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है।
चक्रवाती तूफान मोंथा से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी तबाही
आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले में तूफान के कारण एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जब तेज़ हवाओं से गिरा पेड़ उसके घर पर जा गिरा. इसी जिले में तेज़ हवाओं के चलते नारियल के पेड़ गिरने से एक लड़का और एक ऑटो चालक घायल हो गए. मौसम विभाग ने बताया कि ‘मोंथा’ नाम थाई भाषा से लिया गया है, जिसका अर्थ है खुशबूदार फूल. लेकिन इस चक्रवात ने अपने नाम के विपरीत विनाश की गंध फैला दी है
ओडिशा में 15 जिलों में सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है. कई जगहों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है और पेड़ गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं. IMD के ताज़ा बुलेटिन के मुताबिक, अगले 24 घंटों में चक्रवात का असर उत्तर दिशा में बढ़ते हुए पूर्वी और मध्य भारत के हिस्सों तक पहुंचेगा. मोंथा तूफान के कारण ओडिशा में बेहद भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. वहीं आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र-कच्छ, तेलंगाना और विदर्भ में भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गोवा में भी भारी बारिश की संभावना है. इसके अलावा उत्तर प्रदेश में भी पूर्वी इलाकों में बिजली चमकने और आंधी-बारिश की संभावना है. IMD ने कहा है कि कई राज्यों में गर्जन के साथ बिजली गिरने और तेज़ हवाओं (30 से 60 KMpH.) की संभावना है. छत्तीसगढ़, तेलंगाना, विदर्भ और केरल में 40-60 KMpH की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. तटीय कर्नाटक, ओडिशा, झारखंड और बंगाल के तटीय हिस्सों में 30 40 KMpH की गति से झोंके चल सकते हैं. उत्तर आंध्र प्रदेश तट पर हवाओं की रफ्तार 65 से 75 KMpH. तक पहुंचने का अनुमान है.