जब भेष बदलकर अपनी ही पुलिस का रियालटी चेक करने पहुंचीं SP चारू निगम, कर दी लूट की रिपोर्ट, पुलिस का ‘रेस्पॉन्स टाइम’ देख खुश हुई एसपी मैडम
NEWS DESK, NATION EXPRESS, लखनऊ
पुलिस की तत्परता जांचने के लिए उत्तर प्रदेश की एक वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारी ने अनूठा तरीका अपनाया, और भेस बदलकर एमरजेंसी नंबर डायल कर हथियारबंद लूट की फर्ज़ी सूचना पुलिस को दी. खुशी की बात यह है कि पुलिसकर्मी इस टेस्ट में पास हो गए.
भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी चारु निगम औरैया में पुलिस अधीक्षक (पुलिस सुपरिन्टेन्डेन्ट या SP) के पद पर तैनात हैं. गुरुवार को उन्होंने एक कुर्ता पहना और दुपट्टे से मुंह को ढककर धूप का चश्मा पहन लिया, ताकि उन्हीं के अधीनस्थ कर्मी-अधिकारी उन्हें पहचान न लें. इसके बाद उन्होंने एमरजेंसी सेवा के नंबर 112 पर कॉल कर खुद को सशस्त्र लूट का शिकार बताया. उन्होंने कहा, “मैं सरिता चौहान बोल रही हूं, और मुझे दो हथियारबंद लोगों ने लूट लिया है…”
- Advertisement -
माइक्रो-ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर पर औरैया पुलिस द्वारा जारी किए गए वीडियो और तस्वीरों में IPS चारु निगम को सुनसान-सी सड़क पर फोन पर बात करते देखा जा सकता है. उनकी कॉल के जवाब में तीन पुलिसकर्मी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
पुलिस अधिकारियों ने महिला की शिकायत सुनी और पूछताछ की, और वे यह नहीं जानते थे कि उन्हीं की अधिकारी उनके कामकाज पर निगरानी रखने के लिए यह सब कर रही हैं. एक घंटे तक इलाके के वाहनों के खंगालने के बाद टीम को एहसास हुआ कि शिकायत करने वाली ‘घबराई और डरी’ हुई महिला उन्हीं की वरिष्ठ अधिकारी है. पुलिस द्वारा किए गए ट्वीट के मुताबिक, IPS चारु निगम स्थानीय पुलिस का ‘रेस्पॉन्स टाइम’ जांचना चाहती थीं, जो उन्हें ‘संतोषजनक’ लगा.
Report By :- AFSHA ANJUM, NEWS DESK, NATION EXPRESS, लखनऊ