Nation express
ख़बरों की नयी पहचान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिले रघुवर दास, बोले- राज्य में आदिवासियों के साथ बढ़ गया है अत्याचार साथ ही भ्रष्टाचार और अपराध का ग्राफ भी अपने चरम सीमा पर है

0 284

NEWS DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झारखंड में बढ़ते भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य में महिलाओं और आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ गए हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति दिन पर दिन चौपट होती जा रही है। राज्य में बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। हर तरफ अराजकता की स्थिति बन गई है।

- Advertisement -

धालभूमगढ़ में बनने वाले एयरपोर्ट की दी जानकारी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म से मुलाकात के बाद उन्होंने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि धालभूमगढ़ में बनने वाले एयरपोर्ट के लिए वन विभाग की आपत्तियों और अड़चनों को दूर कर लिया गया है। कुछ कानूनी अड़चनें हैं, उन्हें दूर कर जल्द से जल्द एयरपोर्ट निर्माण का कार्य शुरू करने का आग्रह किया। इस एयरपोर्ट के निर्माण के लिए पहले ही 100 करोड़ रुपए की राशि भेजी जा चुकी है। इसपर श्री सिंधिया ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके साथ ही उड़ान योजना के तहत तैयार दुमका, पलामू के चियांकी और बोकारो एयरपोर्ट से भी जल्द उड़ान शुरू करने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने शीघ्र विमान सेवा शुरू करने के लिए आश्वस्त किया।

टाटा-दानापुर एक्सप्रेस को बक्सर तक बढ़ाने का आग्रह
केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात के दौरान उन्होंने टाटा-दानापुर एक्सप्रेस को बक्सर तक बढ़ाने का आग्रह किया। इस पर रेल मंत्री ने अधिकारियों को जल्द कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही रांची-जमशेदपुर भाया कांड्रा होकर नई रेल लाइन के निर्माण के लिए डीपीआर बनाने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया। इनके साथ ही पूर्वा एक्सप्रेस को रामपुरहाट-दुमका-जसीडीह मार्ग से चलने, दुमका से नई दिल्ली के लिए नई ट्रेन, गोड्डा-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस का दुमका तक विस्तार, विक्रमशिला एक्सप्रेस को दुमका से खोलने तथा दुमका-जामताड़ा नई रेल लाइन की मंजूरी का आग्रह किया। रेल मंत्री जी ने जल्द निर्णय का भरोसा दिलाया।

साहिबगंज में जल्द शुरू होगा मल्टीमॉडल हब
केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर से मुलाकात कर साहिबगंज में तैयार मल्टीमॉडल हब के दूसरे चरण का कार्य शीघ्रता से शुरू करने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने यथाशीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। श्री दास ने कहा कि इन कार्यों से संथाल समेत पूरे राज्य में विकास के द्वार खुलेंगे। राज्य का आर्थिक विकास तेज होगा और बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। मंत्रियों से मुलाकातों के दौरान दुमका के सांसद श्री सुनील सोरेन भी उनके साथ उपस्थित थे।

Report By :- ANUJA AWASTHI, NEWS DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI

Leave A Reply

Your email address will not be published.

GA4|256711309