जोहार महामहिम ! धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पावन… धरती पर स्वागत है, ICAR-NISA के शताब्दी समारोह में करेंगी शिरकत
CITY DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लगभग डेढ़ घंटे रांची के लाह संस्थान में रहेंगी. सुबह 10:40 बजे शताब्दी समारोह में उनका आगमन होगा. इसके बाद वे ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत पौधरोपण करेंगी. इसके बाद वर्तमान एवं पूर्व वैज्ञानिकों के साथ संस्थान की गतिविधियों एवं भविष्य के रोड मैप को लेकर परिचर्चा में शामिल होंगी.
Draupadi Murmu Ranchi Visit : रांची- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर आज रांची आ रही हैं. वे 20 सितंबर को रांची के नामकुम स्थित राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान (ICAR-NISA) के शताब्दी समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी. झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन समेत कई गणमान्य इस खास अवसर पर मौजूद रहेंगे. संस्थान के निदेशक डॉ अभिजीत कर ने बुधवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए ये जानकारी दी.
- Advertisement -
20 सितंबर को शताब्दी समारोह का आयोजन
रांची के नामकुम में राष्ट्रीय कृषि उच्चतर प्रसंस्करण संस्थान है. इसे पहले भारतीय प्राकृतिक राल एवं गोंद अनुसंधान संस्थान और भारतीय लाख अनुसंधान संस्थान के रूप में जाना जाता था. ये संस्थान 20 सितंबर 2024 को अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर रहा है. इस ऐतिहासिक अवसर पर संस्थान में शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि होंगी.
शताब्दी समारोह में ये भी रहेंगे उपस्थित
मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार विशिष्ट अतिथि के रूप में शताब्दी समारोह में उपस्थित रहेंगे. इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

वरीय अधिकारियों के साथ किसान भी होंगे शामिल
भारतीय कृषि अनुसन्धान परिषद (ICAR) की ओर से डॉ हिमांशु पाठक, सचिव (डेयर, D.A.R.E.) एवं महानिदेशक (भाकृअनुप), डॉ श्याम नारायण झा, उपमहानिदेशक (कृषि अभियांत्रिकी) एवं डॉ कृष्ण प्रताप सिंह, सहायक महानिदेशक (प्रक्षेत्र अभियांत्रिकी) भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे. इस समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, केंद्र और राज्य सरकारों के उच्च अधिकारी, कृषि से संबंधित व्यवसायी, वैज्ञानिक, और 8 से 10 हजार किसानों (3 से 4 हजार व्यक्तिगत रूप से और 5 से 6 हजार जूम लिंक और यूट्यूब के माध्यम से) के भाग लेने का अनुमान है.
तीन पुस्तकों का होगा लोकार्पण
मुख्य कार्यक्रम के बाद डॉ हिमांशु पाठक, सचिव (डेयर) एवं महानिदेशक (भाकृअनुप) संस्थान के शताब्दी स्मारक के रूप में “माय स्टांप” और लाक्षा 2024, विज़न 2047, 100 वर्षों की उत्कृष्टता नामक तीन पुस्तकों का लोकार्पण करेंगे. इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल झारखंड विधान चन्द्र रॉय, उपमहानिदेशक (कृषि अभियांत्रिकी) एवं सहायक महानिदेशक (प्रक्षेत्र अभियांत्रिकी) भी उपस्थित रहेंगे.
निदेशक ने गिनायीं संस्थान की उपलब्धियां
संस्थान के निदेशक ने कहा कि पिछले एक सदी में लाखों किसानों को लाख की वैज्ञानिक खेती एवं प्रसंस्करण में मदद की गयी है. इनमें झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, और पश्चिम बंगाल के पिछड़े जिलों में निवास करने वाले आदिवासी और गरीब किसान शामिल हैं. इससे करीब 10 लाख से अधिक कृषि परिवार लाभान्वित हुए हैं. संस्थान ने अनुसंधान, नवाचार, और खेती, प्रसंस्करण, और अनुप्रयोगों में उन्नति के माध्यम से भारत को लाख उत्पादन में अपनी अगुवाई बनाए रखने में मदद की है. लाख के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) सुरक्षित करने और झारखंड और छत्तीसगढ़ में इसे कृषि उत्पाद के रूप में घोषित करवाने में संस्थान की भूमिका रही है. ‘कुसुमी लाख उत्पादन बेर के पेड़ों पर’ और ‘फ्लेमिंजिया सेमियालता पर लाख खेती’ जैसी प्रौद्योगिकियों ने लाख को एक प्लांटेशन फसल में बदल दिया. भारत सालाना लगभग 8,000 टन लाख और मूल्यवर्धित उत्पादों का निर्यात करता है.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर पुलिस अलर्ट, 6 आईपीएस सहित 2 हजार जवानों की तैनाती
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर रांची आ रही हैं. उनके दौरे की तैयारियां पुलिस प्रशासन की ओर से पूरी कर ली गई हैं. रांची पुलिस के द्वारा राष्ट्रपति की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. वहीं, सुरक्षा के तौर पर 6 आईपीएस सहित दो हजार जवानों की तैनाती की गई है.
एयरपोर्ट से लेकर राजभवन और राजभवन से नामकुम तक सुरक्षा

दरअसल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 सितंबर को अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची आ रही हैं. राष्ट्रपति 20 सितंबर को रांची के नामकुम स्थित इंडियन कौंसिल ऑफ एग्रीकल्चर रिसर्च के कार्यक्रम में शिरकत करेंगी. ऐसे में रांची एयरपोर्ट से लेकर राजभवन और राजभवन से लेकर नामकुम कार्यक्रम स्थल तक का पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
राष्ट्रपति का काफिला जिस मार्ग से गुजरेगा, वहां पर तीन लेयर की सुरक्षा रहेगी. राष्ट्रपति की सुरक्षा में 6 आईपीएस के अलावा 10 डीएसपी, 25 इंस्पेक्टर, 20 दारोगा, दो हजार से अधिक अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है. साथ ही सुरक्षा में बम निरोधक दस्ता, जैप, आईआरबी, रैफ और जगुआर की टीम को भी तैनात किया गया. कार्यक्रम स्थल के आस-पास अवैध पार्किंग वर्जित रहेगा. कार्यक्रम स्थल में सिर्फ पास युक्त लोगों को ही प्रवेश करने दिया जाएगा.
दो दिनों के लिए बदली शहर की ट्रैफिक, देखें यहां

19 सितंबर की यातायात व्यवस्था
- रांची में शाम 5 बजे से शाम 8:30 बजे तक सभी बड़ी/छोटी मालवाहक वाहनों / बसों / सवारी वाहनों का प्रवेश/परिचालन वर्जित रहेगा। आकस्मिक सेवा के वाहनों को छोड़कर।
- रातु/काठीटांड की ओर जाने वाले सभी वाहन शहर से कांके की ओर से रिंग रोड होते हुए गंतव्य स्थान तक जा सकते हैं।
- एच.ई.सी. गेट से लेकर अरगोड़ा चौक, सहजानंद चौक, किशोरगंज चौक, न्यू मार्केट चौक, सूचना भवन चौक तक के मार्ग का उपयोग शाम 5 बजे से 8.30 बजे तक कम से कम करें।
- आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों को अल्प समय के लिए डायर्वट और रोका जा जा सकता है।
20 सितंबर की यातायात व्यवस्था
- रांची शहर में सुबह 8 बजे से 12:30 बजे तक सभी बड़ी/छोटी मालवाहक वाहनों / बसों / सवारी वाहनों का प्रवेश / परिचालन वर्जित रहेगा। आकस्मिक सेवा के वाहनों को छोड़कर।
- सुबह 9 बजे से 12 बजे तक अरगोड़ा चौक से कडरू पुल और कडरू पुल से मेकॉन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। आकस्मिक सेवा के वाहनों को छोड़कर।
- दुर्गा सोरेन चौक से लेकर रामपुर चौक रिंग रोड तक बड़ी बाहनों/ बसों / सवारी वाहनों का प्रवेश/परिचालन गर्जित रहेगा। कार्यक्रम में भाग लेने वाले वाहनों एवं आकस्मिक वाहनों को छोड़वार।
- सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामकुम चौक, सदाबहार चौक, घाघरा रोड होते हुए जैप-1 कमांडेंट आवास चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश/परिचालन वर्जित रहेगा। आकस्मिक सेवा के वाहनों को छोडकर।
- जमशेदपुर / बुंडू की ओर से आने वाली सभी प्रकार के वाहन रिंग रोड से दाहिने लेकर टाटीसिलवे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। आकस्मिक सेवा के वाहनों को छोड़कर।
- रांची शहर से जमशेदपुर की ओर जाने वाली सभी प्रकार के वाहन दुर्गा सोरेन चौक से दाहिने लेकर टाटीसिलवे होते हुए रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगी। आकस्मिक सेवा के वाहनों को छोड़कर।
- खरसीदाग ओपी एवं सदावहार चौक के बीच बड़ी वाहनों / बसों एवं सवारी वाहनों का प्रवेश/परिचालन वर्जित रहेगा।
- आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों को अल्प समय के लिए डायवर्ट और रोका जा सकता है
Report By :- PALAK TIWARI, CITY DESK, NATION EXPRESS, RANCHI