NEWS DESK, NATION EXPRESS, मुजफ्फरपुर
कुछ फैसले लेने से पहले हजार बार सोचना चाहिए। खासकर तब जबकि जिंदगी से जुड़े फैसले किए जा रहे हों। मुजफ्फरपुर की एक छात्रा ने ऐसी ही गलती की और अब उनकी हालत यह हो गई है कि वह किससे कहें और किससे छुपाएं वाली हालत में पहुंच गई हैं। अपने फैसले को सही साबित करने के तमाम जतन करने के बाद भी जब वह असफल हो गईं तो अब थाना पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई है। सदर थाना क्षेत्र की एक छात्रा को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें अहियापुर थाना क्षेत्र के मंजीत कुमार को आरोपित बनाया गया है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने छात्रा की मेडिकल जांच व कोर्ट में बयान दर्ज कराई है। बयान सीलबंद है। प्राथमिकी में छात्रा ने कहा कि उसकी बहन की ससुराल अहियापुर थाना क्षेत्र में है।
आरोपित का घर उसकी बहन के घर के निकट है। इस तरह वह देवर के रिश्ते से बहन के घर आता-जाता था। इस बीच मेला जाने के दौरान आरोपित से जान पहचान हुई। मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत होने लगी। इसके बाद उससे दोस्ती हो गई तो मिलना-जुलना भी होने लगा। फिर कब यह संबंध प्यार में बदल गया पता ही नहीं चला। फिर जैसा सभी प्रेम कहानियों में होता है, ऐसा ही हुआ। साथ-साथ जीवन गुजारने का संकल्प लिया और शादी करने का फैसला कर लिया, लेकिन उसकी नीयत गलत थी। उसने झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। उससे 10 तोला चांदी के गहने व 25 हजार रुपये की ठगी कर ली। इसके बाद शादी करने से इनकार कर दिया। उससे मनाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन असफल रही। इसके बाद थाना पहुंच न्याय की गुहार लगाई। महिला थानाध्यक्ष नीरू कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Report By :- RIYA SINGH, NEWS DESK, NATION EXPRESS, मुजफ्फरपुर
- Advertisement -