अबुआ बजट 2025 : गरीब स्टूडेंट-महिलाओं और किसान पर फोकस, पढ़िए और समझिये झारखंड के बजट में 10 बड़े एलान
SPECIAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 1 लाख 45 हजार 400 करोड़ रुपये का बजट पेश किया जिसमें झारखंड की जनता के लिए कई बड़े एलान किए गए हैं। पहली बार प्रदेश में बाल बजट पेश किया गया जिसके लिए 9411.27 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। इसके साथ ही बजट में मंईया सम्मान योजना के लिए 13363 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
Highlights
- वित्त मंत्री ने पेश किया 1 लाख 45 हजार 400 करोड़ रुपये का बजट
- बजट में फसल बीमा के लिए 350 करोड़ रुपये का एलान किया गया है
- मंईया सम्मान योजना के लिए 13363 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं
झारखंड के लोगों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 1 लाख 45 हजार 400 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में राज्य सरकार ने 1.28 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। इस बार के बजट में पिछली बार से ज्यादा राशि आवंटित की गई। झारखंड सरकार के बजट में युवाओं के लिए मेडिकल कॉलेज, यूनिवर्सिटी और बिजनेस स्कूल खोलने का एलान किया गया है। इसके साथ ही मंईयां सम्मान योजना के लिए भी राशि आवंटित की गई है। किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए बजट में किसानों को लिए भी कई बड़े एलान किए गए हैं।
झारखंड बजट 2025 में हुए ये 10 बड़े एलान
1. झारखंड में शिक्षा के लिए एलान
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने शिक्षा के क्षेत्र में कई बड़े एलान किए हैं। प्रदेश में शिक्षा में इनोवेशन हब बनेगा। जमशेदपुर, गुमला तथा साहिबगंज में नए विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। राजधानी रांची, खूंटी, गिरिडीह, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर और जामताड़ा में मेडिकल कालेज की स्थापना होगीजमशेदपुर, पलामू, रांची, धनबाद और देवघर में स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मास कम्यूनिकेशन की स्थापना का प्रस्ताव।
2. बाल बजट का भी प्रस्ताव
झारखंड के बजट में पहली बार बाल बजट का एलान किया गया है। इसके लिए सरकार ने 9411.27 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है।
3. झारखंड के किसानों के लिए एलान
वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के लिए 255 करोड़ रुपये का एलान किया है। फसल बीमा के लिए 350 करोड़, किसानों को कृषि यंत्रों के लिए 140 करोड़, कृषि उपज भंडारण के लिए 259 करोड़, कृषि क्षेत्र का कुल बजट 4 हजार 587 करोड़ 66 लाख 24 हजार रुपये का एलान किया गया है। ग्रामीण विकास का कुल बजट 9841 करोड़ रुपये का है।
4. झारखंड के कारोबारियों के लिए एलान
उद्यमियों के लिए MSME DIRECTORATE या MSME CELL का बजट में एलान किया गया है। इसके साथ ही बोकारो, गिरिडीह, कांड्रा, सिंदरी, आदित्यपुर, जसीडीह, देवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत संरचना का विकास किया जाएगा।
5. मंईया सम्मान योजना के लिए एलान
मंईया सम्मान योजना के लिए बजट में बड़ा एलान किया गया है। बजट में मंईया सम्मान योजना के लिए 13363 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
6. पर्यटक स्थलों के लिए एलान
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने पर्यटन के क्षेत्र में झारखंड में असीम संभावनाएं को देखते हुए प्रमंडल स्तर(डिवीजन लेवल) पर पर्यटन सर्किट बनाने की घोषणा की। इससे राज्य में रोजगार के अवसर और राजस्व दोनों में इजाफा होगा।
7. परामर्शदात्री समिति की स्थापना
राज्य में टीएसी की तर्ज पर अनुसुचित जाति के लिए परामर्शदात्री समिति की स्थापना की जाएगी।
8. पेंशन के लिए
सर्वजन पेंशन योजना के तहत 3 हजार 850 करोड़ 66 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है।
9. आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण
प्रदेश में वर्ष 2025 में 2500 आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए 250 करोड़ 17 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
10. कौशल विकाश मिशन
कौशल विकास मिशन के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में 585 करोड़ 99 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है।
अबुआ बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री ने बताया-राज्य की अर्थव्यवस्था में लगातार सुधार, राजकोषीय घाटे पर नियंत्रण
बहतर वित्तीय प्रबंधन
वित्त मंत्री ने बताया कि गठबंधन सरकार ने राज्य के राजकोषीय घाटे को नियंत्रित रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। वित्तीय वर्ष 2022-23 में राजकोषीय घाटा 1.1 प्रतिशत तक सीमित किया गया है, जिससे राज्य का डेट-जीडीपी रेशियो सुधरा है। 2021-22 में यह 30.2 प्रतिशत था, 2022-23 में 28.4 प्रतिशत और 2023-24 में 27.7 प्रतिशत रहने का अनुमान है।

राजस्व आय में लगातार वृद्धि
वित्त मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य की राजस्व आय (कर और गैर-कर राजस्व) में लगातार वृद्धि हो रही है। 2019-20 में राज्य की कुल राजस्व आय 25,521 करोड़ रुपये थी, जो 2023-24 में बढ़कर 41,429.88 करोड़ रुपये हो गई है। 2025-26 में राज्य की कुल राजस्व आय 61,056.12 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।
पूंजीगत परिव्यय में वृद्धि
वित्त मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य सरकार ने विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है और पूंजीगत परिव्यय में वृद्धि की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए पूंजीगत परिव्यय में 9.06 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, और इस वर्ष इसे 25,720 करोड़ 41 लाख रुपये के स्तर पर रखा गया है।
सिंकिंग फंड में 2282 करोड़ का निवेश
सड़क और आधारभूत संरचना के विकास के लिए सरकार ने ऋण लिया है, और इससे संबंधित पहले लिए गए ऋणों के भुगतान के लिए सिंकिंग फंड में निरंतर निवेश किया जा रहा है। वित्त मंत्री ने बताया कि 2020-21 से अब तक सिंकिंग फंड में कुल 2282 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। इस वर्ष इसके लिए 638 करोड़ 13 लाख रुपये का पुनः निवेश प्रस्तावित है।
पेंशन कोष में निवेश
वित्त मंत्री ने राज्य के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना के वित्तीय बोझ को कम करने के लिए पेंशन कोष के गठन की भी घोषणा की। 2023-24 में पेंशन कोष में 700 करोड़ रुपये और 2024-25 में 780 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि 2025-26 में इस कोष में 832 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित किया गया है।
1 लाख 45 हजार 400 करोड़ रुपये का बजट
वित्त मंत्री ने आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए एक लाख 45 हजार 400 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है, जो पिछले वर्ष से 13 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार का आर्थिक स्वास्थ्य मजबूत है और यह बजट राज्य के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
रॉयल्टी व बकाया राशि पर विशेष जोर
बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने राज्य की आर्थिक स्थिति और योजनाओं का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने सदन में यह जानकारी दी कि झारखंड सरकार केंद्र से राज्य की रॉयल्टी का एक-एक पाई वापस लाएगी, और इसके लिए कार्रवाई की जा रही है। यदि आवश्यक हुआ तो राज्य सरकार केंद्र सरकार के खिलाफ कानूनी कदम भी उठा सकती है।

बकाया राशि का मुद्दा
सत्र की कार्यवाही सुबह 11:05 बजे शुरू हुई, जिसके बाद प्रश्नकाल हुआ। इस दौरान जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने केंद्र सरकार पर झारखंड के 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया होने का मुद्दा उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने जवाब दिया कि बकाया राशि की सही गणना के लिए एक समिति का गठन किया गया है, और शीघ्र ही इस मुद्दे का समाधान निकाला जाएगा।
Report By :- SANJANA TIWARI / AVNI PANDEY, SPECIAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
- Advertisement -