मृतक दरोगा अनुपम कच्छप के परिजनों से मिले बाबूलाल मरांडी, बोले- अयोग्य अफसरों के हाथ में है रांची की कानून व्यवस्था
CITY DESK, NATION EXPRESS, रांची
राजधानी रांची में स्पेशल ब्रांच में तैनात दरोगा अनुपम कच्छप की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी शनिवार को रिम्स पहुंचे और अनुपम कच्छप के परिजनों से मुलाकात की है। इस बाबत उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बातों को रखा है। उन्होंने कहा है कि “रिम्स अस्पताल पहुंच कर दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुपम कच्छप के परिजनों से मुलाकात की। एक युवा आदिवासी पुलिस अफसर का असमय इस दुनिया से चला जाना अत्यंत दुखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं एवं शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।”

- Advertisement -
बाबूलाल ने आगे लिखा कि “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने स्वार्थ के लिए राजधानी रांची तक को अयोग्य अफ़सरों के हवाले कर बारूद के ढेर पर बैठा दिया है। राजधानी रांची में सुरक्षा के कथित चाक-चौबंद होने के बावजूद अपराधी बेखौफ ढंग से सरेआम वकीलों, पुलिस, बड़े बड़े प्रतिष्ठान के संचालकों तक की हत्या कर रहे हैं। अपराधियों के सामने घुटने टेक देने वाली हेमंत सरकार से आम जनता के सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है? हेमंत सरकार ने अपने घटिया कानून व्यवस्था के कारण साढ़े तीन करोड़ झारखंड वासियों का जीवन संकट में डाल दिया है। बाबूलाल बोले- हेमंत सरकार ने अपराधियों के सामने घुटने टेके

बता दें कि राजधानी रांची में शुक्रवार की रात सब इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। दरोगा की पहचान अनुपम कच्छप के रूप में हुई है। अनुपम स्पेशल ब्रांच में तैनात था। अनुपम कच्छप का शव कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड से बरामद किया गया है। मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अनुपम कच्छप 2018 बैच के तेज तर्रार सब इंस्पेक्टर था। जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
Report By :- SHWETA JHA, CITY DESK, NATION EXPRESS, रांची