रांची पुलिस को चुनौती : पार्षद पति के हत्यारे की जल्द नहीं हुई गिरफ्तारी तो रांची में होगा उग्र आंदोलन
CRIME DESK, NATION EXPRESS, रांची
रांची नगर निगम के वार्ड नंबर 17 की पार्षद शबाना खान के पति फिरोज असलम उर्फ रिंकू भाई की हत्या को लेकर पूरे इलाके में गम का माहौल पसरा है. अधिकतर लोगों ने हत्या के कारण गुस्से में अपनी दुकानें बंद कर रखी हुई हैं. इधर, रविवार की सुबह से ही पीड़ित परिवार से मिलने और मृतक रिंकू के आखिरी दीदार के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई है. इस बीच डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, पार्षद अरुण झा, नाजिमा रजा सहित दर्जनों पार्षद भी पार्षद शबाना खान से मिले. उन्हें दिलासा दिया. डिप्टी मेयर सहित सभी पार्षदों ने कहा आरोपियों को गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा. इधर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महिला अध्यक्ष महुआ मांझी भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची. कहा अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस कार्रवाई कर रही है.

- Advertisement -
कई लोगों से पुलिस कर रही पूछताछ
हिंदपीढ़ी थाना के सेकेंड स्ट्रीट में शनिवार की रात करीब 7:45 बजे वार्ड 17 की पार्षद शबाना खान के पति फिरोज असलम उर्फ रिंकू भाई की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है. मृतक रिंकू के साथ जिन लोगों के पैसे के लेन-देन या तनाव का मामला था उनको पुलिस ने उठाया है. पुलिस कई अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखकर इस मामले की जांच कर रही है.

जांच के लिए एसआइटी गठित
हत्या की जांच के लिए एसआइटी गठित की गई है। सिटी एसपी अंशुमान कुमार के नेतृत्व में एसआईटी ने छानबीन शुरू कर दी है। घटना के बाद देर रात पोस्टमार्टम कराया गया। रिंकू लोअर बाजार थाना क्षेत्र के गुदड़ी चौक के समीप के रहने वाले थे। वारदात को लेकर परिजन और मोहल्लेवासी आक्रोशित हैं। घटना स्थल पर सिटी डीएसपी दीपक कुमार, साइबर डीएसपी यशोधरा हिंदपीढ़ी थाना, लोअर बाजार, डेली मार्केट सहित कई थानों की पुलिस पहुंची थी।

45 लाख के लिए हत्या!
पार्षद पति सह जमीन कारोबारी फिरोज उर्फ रिंकू की हत्या के मामले में बिल्डर मुर्शीद संदेह के घेरे में है। पुलिस को जानकारी मिली है कि रिंकू की हत्या में 45 लाख का विवाद है। इस विवाद को भी केंद्र बिंदू मानकर पुलिस जांच में जुट गई है। सूचना मिली है कि एक विवादित जमीन को बिल्डर मुर्शीद ने खरीदा था। इस जमीन को खरीदने में रिंकू ने 45 लाख रुपये इन्वेस्ट किया था। उसी पैसा को वापस करने के लिए रिंकू मुर्शीद पर लगातार दबाव बना रहा था। इसे लेकर दोनों में कई बार विवाद भी हुआ था। जब पुलिस मुर्शीद के घर पहुंची तो वह फरार मिला। उसकी तलाश में पुलिस ने पूरी रात छापेमारी की। इस विवाद के अलावा अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।
Report By :- KHUSHBOO SHARMA, CRIME DESK, NATION EXPRESS, रांची