फिर तेजी से पैर पसार रहा कोरोना : स्कूलों में फिर कोरोना का आतंक, नोएडा गाजियाबाद के तीन स्कूल किए बंद, पांच बच्चों को कोरोना
HEALTH DESK, NATION EXPRESS, नोएडा/गाजियाबाद
कोरोना के चलते शिक्षा पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है. एक लंबे अरसे बाद स्कूल खुलने शुरू हुए हैं लेकिन इस बीच बड़ी खबर आई है कि 3 स्कूलों को फिर से बंद कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के दो शहरों के तीन निजी स्कूलों में पढ़ने वाले कम से कम 18 छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद प्रशासन को स्कूलों को तीन दिनों के लिए बंद करना पड़ा है. बंद होने वाले तीन स्कूलों में से दो गाजियाबाद और एक नोएडा में है

- Advertisement -
.जानकारी के मुताबिक कोरोना के कहर के चलते एहतियात के तौर पर 11-13 अप्रैल तक स्कूल बंद रहेगा. हालांकि, कक्षाओं का ऑनलाइन मोड अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा.राज्य सरकार ने 14 फरवरी से स्कूलों को फीजिकल कक्षाएं फिर से शुरू करने का आदेश दिया था. धीरे-धीरे ज्यादातर स्कूल, पहले उच्च कक्षाओं के लिए, फिर सभी कक्षाओं के लिए फिर से खोल दिए गए.

बता दें कि देश में पिछले कुछ हफ्तों में कोरोना मामलों में तेज कमी दर्ज की गई है. मंगलवार को कोरोना के 796 मामले ही सामने आए. इस बीच नोएडा में वर्तमान में 54 सक्रिय मामले हैं, जबकि पड़ोसी गाजियाबाद का सक्रिय मामला दो नए मामलों के बाद बढ़कर 28 हो गया.

याद रहे कि कोरोना से अभी भी लोगों की मौत हो रही है. मंगलवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में देशभर में कोरोना से एक दिन में 19 लोगों की मौत हुई है, जिससे मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5,21,710 हो गई है. 946 मरीज ठीक हुए, जिससे कोरोना महामारी की शुरूआत के बाद से अब तक रिकवर हुए मरीजों की कुल तादाद बढ़कर 4,25,04,329 हो गई है. देश की रिकवरी रेट 98.76 प्रतिशत है.

गाजियाबाद के दो स्कूलों में पांच बच्चों को कोरोना
वहीं, गाजियाबाद के दो स्कूलों में पांच छात्र कोरोना संक्रमित मिले हैं। इंदिरापुरम के सेंट फ्रांसिस स्कूल के दो और वैशाली सेक्टर-6 स्थित केआर मंगलम वर्ल्ड स्कूल के तीन छात्र पॉजिटिव मिले हैं। रविवार को स्कूल प्रबंधन ने छात्रों के अभिभावकों को इस संबंध में जानकारी दी है। साथ ही तीन दिन के लिए स्कूल बंद करने का आदेश दिया है। कोरोना की तीसरी लहर खत्म होने से प्रदेश सरकार ने अधिकतर पाबंदियां हटा दी हैं। ऐसे में जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूल खुल गए हैं। इसी बीच बच्चों के बीच संक्रमण फैलने का खतरा मंडराने लगा है। रविवार को इंदिरापुरम के सेंट फ्रांसिस स्कूल के दो छात्रों का कोरोना संक्रमित होना स्कूल प्रबंधक व अभिभावकों के लिए चिंता की बात बन गई है।

Report By :- SHILPI TIWARI, HEALTH DESK, NATION EXPRESS, नोएडा/गाजियाबाद