POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
भाजपा झारखंड के अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने एक कार्यक्रम के दौरान हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड देश की अपराध राजधानी बनने की तरफ बढ़ रहा है। यहां आतंक का राज है और आपराधिक गतिविधियां काफी तेजी से बढ़ रही हैं जिसके कारण आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड में कानून व्यवस्था वास्तव में भयावह है। चरमपंथ ग्रामीण इलाकों से निकल कर राज्य की राजधानी रांची तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगा सकता है कि रात में एक जिले से दूसरे जिले की यात्रा करना किसी के भी जीवन के लिए खतरा बन गया है।आगे भी उन्होंने झारखंड सरकार पर अपना हमला जारी रखा और खनिज तस्करी पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों को लूटा जा रहा है, जिससे राजकोष को राजस्व का नुकसान हो रहा है। झारखंड केंद्र की योजनाओं को लागू करने में पिछड़ रहा था चाहे वह प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना हो, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना हो या हर घर जल योजना।
भाजपा देश में बोली जाने वाली सभी भाषाओं का सम्मान करती है जबकि राज्य सरकार ने झारखंड के सभी जिलों में उर्दू को वोट बैंक की राजनीति के लिए क्षेत्रीय भाषा सूची में शामिल किया है।
- Advertisement -
थानों की लगेगी बोली, तो कैसे रुकेंगी दुष्कर्म की घटनाएं : दीपक प्रकाश
बोली लगेगी तो फिर दुष्कर्म या अपराध की घटनाओं पर कैसे विराम लगेगा? जब अधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग उद्योग का रूप ले लेगा तो अपराध नियंत्रित नहीं किया जा सकता। आज थाने बिक रहे हैं, इसलिए अपराधी बेखौफ और बेलगाम हैं।
बरहेट की घटना का रोष ताजा है, तभी दुमका के रामगढ़ में 5वीं की नाबालिग छात्रा दरिंदगी की शिकार बनाते हुए अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी। यह दोनों घटनाएं मुख्यमंत्री के पूर्व और वर्तमान विधानसभा क्षेत्र की हैं। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि राज्य के बाकी जिलों की क्या स्थिति होगी। आज गुमला में डायन के नाम पर एक महिला की हत्या का मामला भी उजागर हुआ है।
प्रकाश ने कहा कि हेमंत सरकार अपराधियों के दबाव में चल रही है। इस सरकार में अपराधी सरगनाओं को सरंक्षण प्राप्त है, इसलिए हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। अगर राज्य सरकार में तनिक भी नैतिकता बची है तो ऐसी आपराधिक घटनाओं पर अविलंब रोक लगाते हुए अपराधियों को कड़ी सजा दिलाए।
Report By :- PRIYANKA SINGH, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI