आसमानी आफत से तबाही : रांची समेत पुरे झारखण्ड में लैंड स्लाइड और बाढ़ का खतरा… मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
WEATHER DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
Flash Flood Warning In Jharkhand: झारखंड में मौसम विभाग ने फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी है। रांची और देवघर में एनडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। भारी बारिश के चलते राजधानी सहित राज्य के कई इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
फ्लैश फ्लड क्या है?
फ्लैश फ्लड मानवीय आपदा नहीं, बल्कि प्राकृतिक आपदा है। दरअसल, जब बेहद कम समय में अचानक किसी एक स्थान पर पानी का स्तर तेजी से बढ़ जाए तो इसे फ्लैश फ्लड कहा जाता है।
भारतीय मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के लिए फ्लैश फ्लड जोखिम की चेतावनी जारी की है। झारखंड के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और पड़ोसी इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का फ्लैश फ्लड जोखिम संभावित है।
- Advertisement -
लैंड स्लाइड का खतरा
राजधानी रांची समेत राज्य के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण इन क्षेत्रों की मिट्टी पूरी तरह से संतृप्त हो गई है, जिससे सतही जल बहाव और जलमग्न होने की संभावना है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद गृह और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से चेतावनी जारी की गई। लोगों से सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोग ऊंचे स्थानों पर शरण लेने और नदी-नालों के पास न जाने की सलाह दी गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और आपातकालीन सेवाओं से संपर्क में रहें।
मूसलाधार बारिश से प्रभावित रांची और देवघर में एनडीआरएफ की टीम तैनात
रांची और देवघर में लगातार बारिश से प्रभावित निचले इलाकों से लोगों को बचाने के लिए शुक्रवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम तैनात की गईं। रांची के सदर थाना क्षेत्र के न्यू बांधगरी इलाके सहित निचले इलाकों में बचाव अभियान जारी है। एनडीआरएफ के अधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा कि उप कमांडेंट विनय कुमार के नेतृत्व में हमारी टीम ने अब तक रांची के निचले इलाकों से लगभग 40 लोगों को बचाया है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सभी जिले ‘अलर्ट’ पर हैं।
12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल बंद
इस बीच, एक अधिसूचना जारी कर राज्य सरकार ने 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद कर दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा कि पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र और उससे सटे झारखंड के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ गया है, तथा दबाव में तब्दील हो गया है। आईएमडी ने राज्य के सात जिलों के लिए अत्यधिक भारी वर्षा, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताते हुए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है जबकि चार अन्य जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
रांची के दीपाटोली में बाढ़ जैसी स्थिति, बोट के जरिए सुरक्षित निकाला गया
रांची सहित राज्य के ज्यादातर जिलों में पिछले 12 घंटे से जोरदार बारिश हो रही है। रांची शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। दीपाटोली में 50 से भी ज्यादा घरों में पानी घुस गया है और 100 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। उनके रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ की टीम लगाई गई है। अब तक 20 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। लोगों को बोट के जरिए सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है। शहर के बरियातू जोड़ा तालाब और टुनकी टोला तालाब का पानी घरों में घुस गया है। पत्थलकुदवा, ढेलाटोली और खेत मुहल्ले में भी दर्जनों घरों में पानी घुस गया है। मोरहाबादी मैदान, राजभवन-बूटी रोड, हरमू रोड, मेन रोड सहित कई प्रमुख सड़कों पर ढाई से तीन फीट पानी बह रहा है।
रांची समेत कई इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
इस बीच मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला, दुमका, धनबाद, गोड्डा, देवघर, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में 3 अगस्त को भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने सभी जिलों के उपायुक्तों को सतर्कता बरतने और जलजमाव वाले इलाकों पर नजर रखने का निर्देश दिया है।
पिछले तीन दिनों के दौरान राज्य के अलग-अलग इलाकों में वज्रपात की घटनाओं में 25 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। रामगढ़ जिले की दामोदर और भैरवी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर तक पहुंच रहा है। यहां भैरवी नदी के छिलका पुल के चार फीट ऊपर पानी बह रहा है। दुमका में गुरुवार रात से लगातार हो रही बारिश से बासुकीनाथ रेलवे स्टेशन के पास पटरियां पानी में डूब गई हैं और रेल यातायात बाधित हो गया है। रांची में स्वर्णरेखा और हरमू नदी भारी बारिश से उफन रही है।
Report By :- KAJAL TIWARI, WEATHER DESK, NATION EXPRESS, RANCHI