CRIME DESK, NATION EXPRESS, धनबाद
धनबाद व्यवहार न्यायालय के एडीजे-8 उत्तम आनंद की मौत के मामले में ऑटो चालक समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरिडीह से गिरफ्तार कर लिया है। जज को टक्कर मारने वाले ऑटो को भी बरामद कर लिया गया है। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। ज्ञात हो कि बुधवार की सुबह टहल रहे एडीजे-8 उत्तम आनंद को ऑटो ने टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
यह जानकारी देते हुए एसएसपी संजीव कुमार ने गुरुवार को बताया कि कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। अब तक की गई जांच का ब्योरा एसआईटी को सौंप दिया जाएगा।
- Advertisement -
एसएसपी ने बताया कि जज को टक्कर मारने के वक्त ऑटो चला रहे धनबाद के जोरापोखर निवासी लखन वर्मा की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी राहुल वर्मा को भी डिगवाडीह से पकड़ लिया गया है। राहुल घटना के वक्त ऑटो में बैठा था। एसएसपी ने बताया कि गिरिडीह के मंगरुडीह स्थित लखन के बहनोई के घर से जज को टक्कर मारने वाले ऑटो को जब्त किया गया है। लखन वर्मा ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि रणधीर वर्मा चौक पर दुर्घटनावश उसने एक व्यक्ति को टक्कर मारी थी। वह और राहुल शराब के साथ-साथ नशीली दवा का सेवन किए हुए थे। पुलिस ने धनबाद से लेकर गोविंदपुर तक कई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से ऑटो चालक और उसके साथी को पकड़ा। गोविंदपुर के सिटी पेट्रोल पंप पर डीजल लेने के दौरान लखन की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई थी। ऑटो के शीशे पर लिखे धनबाद-पाथरडीह रूट के आधार पर पाथरडीह स्टैंड पर चालक की खोजबीन हुई। वहीं पता चला कि तस्वीर लखन की है। इसके बाद लखन के मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस टीम ने गिरिडीह में छापा मारकर उसे दबोचा।
Report By :- PRIYANKA SINGH, CRIME DESK, NATION EXPRESS, धनबाद