POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, पश्चिम बंगाल
ममता बनर्जी आज करेंगी अधिकारियों के साथ बैठक, कानून व्यवस्था का लेंगी जायजा
ममता बनर्जी के साथ इस बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी और कोलकाता के पुलिस कमिश्नर समेत कई बड़े अधिकारी हिस्सा लेंगे।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक हिंसाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के साथ ही हिंसा भड़क गई। बंगाल में खून खराबा जारी है। इसमें कथित तौर पर झड़प और दुकानों को लूटे जाने के दौरान कई भाजपा कार्यकर्ताओं की मौत हो गई, तो कई घायल हो गए।
- Advertisement -
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यपाल जगदीप धनखड़ को फोन करके कानून और व्यवस्था कि स्थिति पर चिंता और दुख व्यक्त किया। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने मंगलवार दोपहर को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज फोन पर बात कर बंगाल में जारी हिंसा को लेकर चिंता व्यक्ति की है।
ऐसी असहिष्णुता हमने कभी नहीं देखी: नड्डा
उधर, बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के परिणाम आने के बाद जो घटनाएं हमने देखीं वो झटका देने वाली हैं और हम इसे लेकर चिंतित हैं। मैंने भारत के विभाजन के दौरान ऐसी घटनाओं के बारे में सुना था। हमने स्वतंत्र भारत में एक चुनाव के परिणाम के बाद ऐसी असहिष्णुता पहले कभी नहीं देखी।
नड्डा ने कहा कि हम इस विचार धारा की लड़ाई और असहिष्णुता से भरी तृणमूल कांग्रेस की गतिविधियों से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं। भाजपा अध्यक्ष ने तृणमूल कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा कि हम लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने के लिए तैयार हैं। मैं अब दक्षिण 24 परगना जाऊंगा और उन कार्यकर्ताओं के घर जाऊंगा जिनकी जान परिणाम आने के कुछ घंटों के भीतर चली गई थी।
सुप्रीम कोर्ट में पहुंचा बंगाल हिंसा का मामला
वहीं, बंगाल में चुनाव बाद हिंसा का यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। इसे लेकर भाजपा नेता और वरिष्ठ वकील गौरव भाटिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। गौरव भाटिया ने बंगाल हिंसा की सीबीआई से जांच कराए जाने की मांग की।
दक्षिण 24 परगना के गोपाल नगर में भी हिंसा
दक्षिण 24 परगना जिले के गोपाल नगर इलाके में भी हिंसा की जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार यहां कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कुछ दुकानों और घरों में तोड़फोड़ की। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार भाजपा के एक पोलिंग एजेंट की पत्नी शेफाली दास ने कहा, ‘दो मई को तृणमूल के गुंडों ने मेरे घर पर हमला किया। उन्होंने हमें यहां से चले जाने को कहा और हमारी संपत्ति बेचने की धमकी भी दी।’
राष्ट्रीय महिला आयोग ने DGP को पत्र लिखा
राष्ट्रीय महिला आयोग ने नंदीग्राम में महिलाओं के खिलाफ हिंसा को लेकर स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने राज्य के DGP को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। आयोग की टीम भी जल्द ही मामले की जांच के लिए राज्य का दौरा करेगी।
सुप्रीम कोर्ट पहुंची भाजपा, CBI जांच की मांग की
बंगाल में हिंसा और आगजनी के बीच भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। भाटिया ने याचिका में बंगाल में रेप, मर्डर, हिंसा की घटनाओं की CBI जांच की मांग की है। साथ ही घटनाओं पर हुई कार्रवाई के बारे में स्टेटस रिपोर्ट तलब करने की भी मांग की गई है।
भाजपा ने TMC पर लगाया हिंसा का आरोप
भाजपा ने बंगाल में जारी हिंसा के लिए TMC को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि TMC के गुंडों को हिंसा और उत्पात के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मौन सहमति मिली हुई है। उनके कई नेता खुलेआम हिंसा के लिए अपने लोगों को भड़का रहे हैं। पात्रा ने कहा कि ये संयोग नहीं, प्रयोग है, प्रायोजित है। ममता जी ने चुनाव से पहले भाषण देते हुए कहा था कि चुनाव समाप्त होने के बाद CRPF तो वापस चली जाएगी, उसके बाद का समय TMC का होगा, हम भी देखेंगे। आज पूरा हिंदुस्तान और विश्व देख रहा है कि बंगाल में क्या हो रहा है।
भाजपा के 9 कार्यकर्ताओं की हत्या
भाजपा का आरोप है कि 2 मई को मतगणना के दिन नंदीग्राम, कोलकाता, आसनसोल, हुगली समेत कई इलाकों में उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं की दुकानें लूट ली गई हैं। TMC के लोगों के द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों में आग लगाई गई है। हमारे 9 कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। इतना ही नहीं, महिलाओं को घरों से निकालकर रेप भी किया गया है।
वहीं, TMC ने भी भाजपा कार्यकर्ताओंं पर इसी तरह के आरोप लगाते हुए बताया कि कई इलाकों में उनके कार्यकर्ताओं को भी निशाना बनाया गया है और उनके दफ्तरों में तोड़फोड़, आगजनी की गई है। पार्टी नेता राहुल सिन्हा ने राज्यपाल और चुनाव आयोग से मांग की है कि जब तक हिंसा नहीं रुकती है, तब तक मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह पर रोक लगाई जाए।
2 मई से जारी हिंसा में अब तक 11 की मौत
रविवार शाम से सोमवार रात तक विभिन्न हिस्सों में हिंसा की घटनाएं घटी हैं। इन घटनाओं में 11 लोगों के मारे जाने की खबर है। भाजपा का आरोप है कि इनमें 9 उसके कार्यकर्ता हैं। जबकि बर्द्धमान में एक TMC और उत्तर 24 परगना में एक ISF के कार्यकर्ता की जान चली गई है। इन घटनाओं में आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है।
गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट
हिंसा की घटनाओं पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी है। हिंसा-आगजनी पर राज्यपाल ने भी डीजीपी को समन किया है तथा गृह सचिव से रिपोर्ट मांगी है। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने रविवार शाम को चुनाव बाद हिंसा को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा है। भाजपा ने अपने कार्यकर्ताओं की सहायता के लिए सभी संभागों में हेल्पलाइन नंबर जारी की है। BJP नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले ममता बनर्जी की शह पर हो रहे हैं।
Report By :-MITTALI SINGH / SHADAB KHAN / SHWETA SINGH / KAJAL TIWARI , POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, पश्चिम बंगाल