रांची में जो कुछ हुआ उसने शहर को हिलाकर रख दिया ! हैवानियत, गुंडागर्दी, अपहरण और पुलिस को जान से मारने की कोशिश.. पुलिस ने 9 राउंड गोलियां चलाई.. कोतवाली डीएसपी समेत कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे
CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
रांची के कचहरी चौक के पास बीती रात जो हुआ, उसने शहर को हिलाकर रख दिया। आमतौर पर चहल-पहल से भरा रहने वाला यह इलाका अचानक चीख-पुकार, भगदड़ और गोलियों की आवाज से दहल उठा। वजह थी स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की हैवानियत, जिसने न सिर्फ आम लोगों को बल्कि पुलिस को भी निशाना बना लिया।
- Advertisement -
सड़क पर शुरू हुई गुंडागर्दी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो में सवार युवक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहे थे। अचानक उन्होंने एक ट्रांसजेंडर को रोका। पहले गाली-गलौज हुई, फिर देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही ट्रांसजेंडर को उठाकर सड़क पर पटक दिया गया। तेज आवाज के साथ वह जमीन पर गिरा और दर्द से कराह उठा। बाद में पता चला कि उसका पैर टूट चुका है। आसपास मौजूद लोग सहमे रहे। कोई आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं जुटा सका। आरोपी खुलेआम सड़क पर उत्पात मचाते रहे।
युवक को रौंदा, इंसानियत को कुचला
इससे पहले कि लोग संभल पाते, स्कॉर्पियो सवारों ने एक और वारदात को अंजाम दिया। सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, इस्तियाख और गुलफाम ने एक युवक को अपनी गाड़ी से कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। आमतौर पर ऐसे मामलों में आरोपी भाग निकलते हैं, लेकिन यहां कहानी और खौफनाक हो गई। आरोपियों ने घायल युवक को सड़क पर छोड़ने के बजाय जबरन स्कॉर्पियो में डाल लिया और उसे लेकर शहर की सड़कों पर घूमाते रहे।
सूचना मिलते ही अलर्ट हुई पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रांची पुलिस हरकत में आई। वायरलेस पर अलर्ट जारी हुआ और कई थानों की पुलिस टीम स्कॉर्पियो की तलाश में निकल पड़ी। कुछ ही देर में गाड़ी को चिन्हित कर लिया गया और पीछा शुरू हो गया। लेकिन आरोपी किसी भी कीमत पर रुकने को तैयार नहीं थे। तेज रफ्तार में शहर की सड़कों पर गाड़ी दौड़ाई जाने लगी। कभी गलत साइड, कभी अचानक ब्रेक, कभी भीड़ में घुस जाना। उनकी ड्राइविंग से आम लोग भी जान बचाकर भागते नजर आए।
पुलिस को रौंदने की कोशिश, दो वाहन क्षतिग्रस्त
पीछा करते वक्त हालात और बिगड़ गए। आरोपियों ने पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारने की कोशिश की। स्कॉर्पियो सीधे पुलिस वाहन की ओर मोड़ी गई। इस दौरान दो पुलिस गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। साफ था कि आरोपी किसी को नहीं छोड़ना चाहते थे, चाहे सामने पुलिस ही क्यों न हो। इस दौरान कुछ देर के लिए शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मजबूरन चली गोलियां
हालात बेकाबू होते देख पुलिस को आखिरकार सख्त कदम उठाना पड़ा। जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने फायरिंग की। कुल 9 राउंड गोलियां चलाई गईं। निशाना सीधे स्कॉर्पियो के टायर पर था, ताकि गाड़ी को रोका जा सके। गोली लगते ही गाड़ी हांफने लगी और कुछ दूरी पर रुक गई। इसी दौरान आरोपी इस्तियाख गोली लगने से जख्मी हो गया। उसे तुरंत रिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
घायलों का इलाज जारी, शहर में गुस्सा
मारपीट में घायल ट्रांसजेंडर और स्कॉर्पियो से रौंदा गया युवक दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन दिलो-दिमाग पर सदमा गहरा है। घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे खुलेआम सड़क पर उत्पात मचाएं और पुलिस से भी भिड़ जाएं। पुलिस ने पूरे मामले में गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है।
ये घटना ऐसे समय में सामने आई है, जब झारखंड में निकाय चुनाव घोषित हो चुके हैं. इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाने के दावे किए जा रहे हैं. नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी हो इसे लेकर रांची पुलिस ने करीब 325 अपराधियों का नाम अंकित किया है. इसमें चोरी, छिनतई, लूट के अलावा आर्मस एक्ट के मामले में जेल गए अपराधियों का नाम शामिल है. एसएसपी के निर्देश पर बनी इस सूची के आधार पर शहर के सभी डीएसपी और थानेदारों को जेल से छूटे अपराधियों की गतिविधियों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया है. यह कहा गया है कि अगर किसी अपराधी की गतिविधि संदिग्ध रहे तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए.
Report By :- NEHA SINGH, CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI


