झारखंड कांग्रेस के नेता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की अनुशंसा
POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, रांची
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति ने पूर्व प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता समेत 5 नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की अनुशंसा की है. अनुशासन समिति ने प्रदेश कांग्रेस के झारखंड प्रभारी अविनाश पांडेय और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से अग्रेतर कार्रवाई करने की अनुशंसा की है. पार्टी के प्रदेश कार्यालय में रविवार को समिति की बैठक हुई. बैठक में उपरोक्त तीनों नेताओं के अलावा साधु शरण गोप और सुनील सिंह को पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. इन नेताओं को निष्कासित करने का अंतिम फैसला अब प्रभारी और अध्यक्ष लेंगे.
बैठक के बाद समिति के अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी और अनुशासनहीनता करने वाले सात नेताओं को 14 दिन पहले नोटिस भेजा गया था. इन्हें अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया था. सात नेताओं के जवाब को लेकर रविवार को बैठक की गयी. प्रदेश कांग्रेस समिति के दो सचिव राकेश तिवारी और अनिल कुमार ओझा ने अनुशासन समिति को जवाब भेजा, जिसे देख इनके खिलाफ कार्रवाई समाप्त कर दी गयी.- Advertisement -
