Nation express
ख़बरों की नयी पहचान

फैंस मरते रहे, जश्न मनता रहा ! स्टेडियम के बाहर हो रहा था मौत का तांडव और अंदर मनाया जा रहा था जश्न ! चिन्नास्वामी के बाहर मची भगदड़ में 11 की मौत, 50 घायल

0 342

SPORTS DESK, NATION EXPRESS, बेंगलुरु

भगदड़ में मौतों की जानकारी मिलने के बावजूद खिलाड़ियों संग जश्न मना रहे थे डिप्टी सीएम, तस्वीरें आईं सामने 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की पहली आईपीएल जीत का जश्न बुधवार को दुखद हो गया, जब यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ मचने से 50 से अधिक प्रशंसक घायल हो गए और 11 की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब प्रशंसक आरसीबी टीम द्वारा आईपीएल 2025 ट्रॉफी उठाने के जश्न में शामिल हो रहे थे। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में 11 व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया गया और दो अन्य की हालत गंभीर है, दोनों का आईसीयू में इलाज चल रहा है। स्टेडियम के बाहर मौत का तांडव हो रहा था और अंदर जश्न मनाया जा रहा था।

- Advertisement -

बेंगलुरु में RCB की परेड के दौरान भगदड़ की तस्वीरें। - Dainik Bhaskar

किसी का पैर टूटा, किसी का सिर फूटा

भगदड़ तब मची जब हजारों प्रशंसक विभिन्न द्वारों से जल्दबाजी में स्टेडियम में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे। मौके पर मौजूद पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस में पहुंचाया और उन्हें पास के बॉरिंग अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि सड़कों पर भीड़भाड़ के कारण एंबुलेंस अस्पताल नहीं पहुंच पाई। एक अलग घटना में, स्टेडियम में कूदने के लिए गेट पर चढ़ते समय एक प्रशंसक गिर गया और उसका पैर टूट गया। एक फैंस के गिरने से सिर में चोट आई।

बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद, वे भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लोग जश्न की एक झलक पाने के लिए पेड़ों पर चढ़ते और शाखाओं पर बैठते देखे जा सकते हैं। घटना के बारे में अधिक जानकारी अभी सामने आनी बाकी है। कर्नाटक सरकार ने पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए विधान सौधा से चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम तक विजय परेड को रद्द कर दिया था। पुलिस ने बताया कि वे मंगलवार रात से ही जश्न मना रही भीड़ को नियंत्रित कर रहे हैं। पूरी रात सुरक्षा बल उन्हें नियंत्रित करने और यह सुनिश्चित करने में लगे रहे कि कोई अप्रिय घटना न हो। सरकार द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को देखने के लिए विधान सौधा परिसर में भी भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।

चिन्नास्वामी स्टेडियम में खिलाड़ियों के साथ RCB के जश्न में शामिल डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार

CM बोले- भीड़ ने स्टेडियम का गेट तोड़ा

सिद्धारमैया ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी सुरक्षा मुहैया कराना थी। इसके बाद क्रिकेट एसोसिशन को संभालना चाहिए था। स्टेडियम में एक छोटा गेट था। वहां बहुत सारे लोग जमा थे। उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया, जिसकी वजह से भगदड़ मची। CM ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की मदद देने का ऐलान किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने हादसे पर दुख जताया

प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु भगदड़ पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों की बेहतरी के लिए प्रार्थना करता हूं।

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ की फोटोज

बेंगलुरु भगदड़ पर रिएक्शन

  • कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कर्नाटक सरकार को तुरंत जरूरी कदम उठाने चाहिए ताकि आगे ऐसी इवेंट के दौरान हादसे न हों। जीत का जश्न कभी लोगों की जिंदगी की कीमत पर नहीं होना चाहिए।”
  • पूर्व क्रिकेटर मदन लाल बोले- लोग भगदड़ की इस घटना और विराट कोहली को कभी नहीं भूलेंगे। जब लोग बाहर मर रहे थे, तब अंदर जश्न मनाया जा रहा था। यह वास्तव में चौंकाने वाला और निराशाजनक है।
  • BCCI के वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने कहा- मृतकों और घायलों के परिवार की जितनी मदद हो सकती है, हम करेंगे। कर्नाटक सरकार और IPL फ्रेंचाइजी से भी बात हो रही है। ये कोई पॉलिटिक्स की बात नहीं है।
  • कर्नाटक विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा MLC चालावाड़ी नारायणस्वामी ने कहा- घटना सरकार की वजह से हुई। उन्हें कोई अंदाजा नहीं था कि कितने लोग आएंगे, क्या सावधानियां बरतनी होंगी। यह सुरक्षा में चूक है।
  • कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा- जब ​​पूरा देश और कर्नाटक RCB की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली निकालने की जल्दबाजी की, जिससे यह त्रासदी हुई। उन्हें प्रचार में अधिक रुचि थी।

चश्मदीद बोला- मेरी आंखों के सामने लड़कियां गिर गईं

RCB की विक्ट्री परेड में मौजूद महेश ने कहा कि लोग विराट कोहली और टीम को देखने आए थे। कई लड़कियां चिन्नास्वामी स्टेडियम में घुसने की कोशिश कर रही थीं। मैंने देखा कि एक लड़की गिर पड़ी, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए नहीं पहुंचा। पुलिस भी कुछ नहीं कर पा रही थी, क्योंकि वहां बहुत भीड़ मौजूद थे।

Report By :- ANAMIKA SINGH, SPORTS DESK, NATION EXPRESS, बेंगलुरु

Leave A Reply

Your email address will not be published.

GA4|256711309