NEWS DESK, NATION EXPRESS, गुमला
गुमला के पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारीब और मुख्यालय डीएसपी प्राण रंजन अर्द्धरात्रि को लॉ एंड ऑर्डर को लेकर आपस में उलझ गये. मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे को देख लेन की धमकी दी. डीएसपी रात को एसपी के आवास पहुंच गये. आवास में हंगामा किया. डीएसपी ने अपना कपड़ा खोलकर फेंक दिये. हल्की झड़प की भी सूचना है. एसपी आवास में डीएसपी गिरकर घायल हो गये. मामले को बढ़ते देख दूसरे पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला को किसी प्रकार शांत कराया. इसके बाद डीएसपी पैदल एसपी आवास से निकले और अर्द्धनग्न अवस्था में मुख्य सड़क पर बैठ गये. बाद में एक जवान ने तौलिया दिया. जिसे लपेटकर डीएसपी अस्पताल पहुंचे और अपने चोट का इलाज कराया.
इस कारण बढ़ा विवाद
- Advertisement -
सूत्री से मिली जानकारी के अनुसार, रांची में एक राजनीति पार्टी की रैली होनी थी. एसपी ने डीएसपी को फोन कर गुमला शहर में विधि व्यवस्था संभालने के लिए फोन पर मौखिक आदेश दिया, लेकिन डीएसपी ने लिखित आदेश देने के लिए कहा. जिससे एसपी अपना आपा खो बैठे. फोन पर ही डीएसपी को कुछ शब्द बोल दिये. जिससे डीएसपी भी आक्रोशित हो उठे. वे रात करीब एक बजे एसपी आवास पहुंच गये. जहां दरवाजा को पीटा. फिर अंदर प्रवेश कर गये. एसपी आवास के बरामदे में काफी हो हंगामा हुआ. इसी दौरान डीएसपी ने अपना कपड़ा खोलकर फेंक दिये. डीएसपी के उग्र रूप को देखते हुए सार्जेंट मेजर, गुमला थानेदार एवं अन्य अधिकारियों को एसपी आवास रात में बुलाया गया. इसके बाद डीएसपी को एसपी आवास से बाहर निकाला गया.

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए डीएसपी
एसपी आवास से निकलने के बाद डीएसपी पैदल चलते हुए एनएच-78 जशपुर रोड पहुंचे. जहां वे बीच सड़क पर कुछ देर के लिए बैठ गये. अर्द्धनग्न देखकर एक व्यक्ति ने उन्हें तौलिया दिया. उन्हें समझाकर सड़क से हटाकर सड़क से किनारे लाया गया. कुछ देर तक सड़क के किनारे बैठे. इसके बाद वे पैदल चलकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉ गणेश राम ने इलाज किया. डीएस डॉ एके उरांव ने कहा कि डीएसपी रात को इलाज कराने आये थे. उनके कंधे पर चोट लगी है. रात को इलाज के बाद डीएसपी चले गये हैं.
रात को आपस में उलझे, सुबह में एक साथ चाय पी
रविवार की रात को एसपी व डीएसपी आपस में उलझ गये. इसके बाद सोमवार की सुबह को डीएसपी को मनाने का कार्यक्रम चला. फिर एसपी और डीएसपी ने आपस में बैठकर एक साथ चाय पिये. सोमवार को दिन में 1.16 बजे एसपी से फोन पर बात हुई. एसपी ने कहा कि रात को कुछ नहीं हुआ है. मैं अभी डीएसपी के साथ चाय पी रहा हूं.

प्रेस कांफ्रेंस कर एसपी व डीएसपी ने खंडन किया
एसपी व डीएसपी ने संयुक्त रूप से एसपी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस किया. जहां दोनों अधिकारियों ने रात में किसी प्रकार के विवाद होने की बात से इनकार किया है. एसपी ने कहा कि रविवार की रात को डीएसपी से मेरी कोई मुलाकात और बात नहीं है. रात को कुछ नहीं हुआ है. वहीं, डीएसपी ने कहा कि एसपी से कोई विवाद नहीं हुआ है. हमलोग कल रात को मिले ही नहीं हैं. चोट व अस्पताल जाने के संबंध में कहा कि मैं गिर गया था. जिस कारण चोट लगी है. इसलिए मैं अस्पताल गया था. इसके बाद दोनों अधिकारियों ने किसी प्रकार का सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया.
एसोसिएशन में चर्चा
इस मामले में झारखंड पुलिस डीएसपी एसोसिएशन में भारी नाराजगी है. एक डीएसपी स्तर के अधिकारी ने एसोसिएशन के ग्रुप में यह सूचना दी है कि एसपी गुमला के द्वारा डीएसपी हेड क्वार्टर प्राण रंजन के साथ अभद्र व्यवहार किया गया है. उसके बाद से एसोसिएशन के व्हाट्सएप ग्रुप पर लगातार मामले को लेकर खलबली मची हुई है.
Report By :- RIYA SINGH, NEWS DESK, NATION EXPRESS, गुमला