NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
एसपी सीएम सुरक्षा से लेकर एसपी होमगार्ड का पद है खाली
एक ओर झारखंड में आईपीएस के कई पद खाली हैं, दूसरी ओर 12 आईपीएस अधिकारियों को पदस्थापन की प्रतीक्षा में रखा गया है. वेटिंग फॉर पोस्टिंग लिस्ट में रहने की वजह से इन आईपीएस अधिकारियों के पास कोई काम नहीं है. इसमे चंदन झा, अंजनी झा, प्रभात कुमार, अमित रेणु, आनंद प्रकाश, अंबर लकड़ा, सुभाष चंद्र जाट, अनुरंजन किस्पोट्टा, कुमार गौरव, मनोज स्वर्गीयार, आर रामकुमार, और एहतेशाम वकारिव का नाम शामिल है.
- Advertisement -
21 में से 15 बटालियन खाली व प्रभार में चल रहे
झारखंड सरकार ने केंद्र से मिलने वाली राशि से नयी-नयी बटालियन का गठन तो कर लिया है, लेकिन उनमें कामकाज सुचारु रूप से हो इसकी व्यवस्था नहीं की है. बटालियन में कमांडेंट तक की पोस्टिंग नहीं की जाती है. वर्तमान में हालात यह है कि झारखंड में जैप, आईआरबी, एसआईआरबी और एसआईएसएफ की 21 बटालियन में से 15 बटालियन या तो खाली है या फिर प्रभार में चल रहे हैं. जैप का चार, आईआरबी का तीन, एसआईआरबी का दो और एसआईएसएफ का एक बटालियन खाली है. वहीं जैप का एक और आईआरबी का चार बटालियन प्रभार के भरोसे चल रही है.

कमांडेंट के नहीं होने से पिकेटों के निरीक्षण का काम बंद
जैप और आईआरबी की कुल 18 बटालियन के जवानों को नक्सल प्रभावित इलाकों में बनाये गये 115 से अधिक पिकेटों पर तैनात किया गया है. झारखंड आईआरबी का गठन नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए किया गया है. इसकी पांच बटालियन के गठन के लिए पूरी राशि केंद्र सरकार ने दी है, ताकि नक्सलियों से जारी लड़ाई में अर्द्धसैनिक बलों पर निर्भरता को कम किया जा सके. बटालियनों में कमांडेंट के नहीं होने से पिकेटों के निरीक्षण का काम बंद हो गया है. पिकेटों में निरीक्षण के जो आंकड़े बन रहे हैं, वह ज्यादातर कागजों पर बन रहे हैं. नियमानुसार, कमांडेंट को साल में एक बार हर पिकेट का निरीक्षण करना है और वहीं पर रात भी बितानी है. जिस तरह से एसपी रैंक के अधिकारियों को जैप और आईआरबी के बटालियन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. ऐसे में सवाल यह है कि अतिरिक्त प्रभार पर कितना ध्यान दे पायेंगे. इससे साफ जाहिर होता है कि जवानों की सुविधाओं का ध्यान रखनेवाला कोई नहीं है.

एसपी स्तर के ये पद हैं खाली
- एसपी सीएम सुरक्षा
- एसपी ऑपरेशन
- एसपी एससीआरबी
- एसपी एसटीएफ
- जैप 3 कमांडेंट
- जैप 6 कमांडेंट
- जैप 5 कमांडेंट
- जैप 8 कमांडेंट
- आईआरबी 2 कमांडेंट
- आईआरबी 8 कमांडेंट
- आईआरबी 9 कमांडेंट
- एसआईआरबी 1 कमांडेंट
- एसआईआरबी 2 कमांडेंट
- एसआईएसएफ़ कमांडेंट
- रेल एसपी धनबाद
- एसपी वायरलेस
- एसपी जेएपीटीसी
- एसपी सीटीपीसी मुसाबनी
- एसपी जंगल वार फेयर स्कूल
एसपी स्तर के ये पद प्रभार में
- एसपी होमगार्ड
- जैप 3 कमांडेंट
- आईआरबी 1 कमांडेंट
- आईआरबी 3 कमांडेंट
- आईआरबी 4 कमांडेंट
- आईआरबी 9 कमांडेंट
- आईआरबी 10 कमांडेंट
Report By :- KAJAL TIWARI, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI