CRIME DESK, NATION EXPRESS, मथुरा
पुलिस द्वारा प्रभावशाली बलात्कार के आरोपियों को गिरफ्तार ना करने से आहत रेप पीड़िता द्वारा मथुरा एसएसपी कार्यालय पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया गया जिसे पुलिस ने विफल कर पीड़िता को कब्जे में ले लिया। घटना से पुलिस-प्रशासन में हड़कम्प मचा हुआ है।
मथुरा के थाना हाइवे क्षेत्र निवासी अधिवक्ता युवती ने 7 मई 2021 को थाने हाइवे में बीएसए काॅलेज मथुरा के लाॅ प्रोफेसर डी.डी. चौहान एवं उसके सहयोगी विनोद बिन्दल एडवोकेट सहित 4 आरोपियों के खिलाफ बलात्कार का मुकद्मा दर्ज कराया था। लेकिन आरोपियों के प्रभावशाली होने के कारण ना तो पीड़िता का तत्काल डाॅक्टरी परीक्षण कराया गया और ना ही 164 के बयान दर्ज कराये गये। जिस पर पीड़िता ने 13 मई 2021 को एसएसपी मथुरा को पत्र लिखकर आरोपियों से पुलिस द्वारा सांठ-गांठ कर डाॅक्टरी परीक्षण एवं गिरफ्तार ना करने का आरोप लगाया था तथा पत्र में चेतावनी दी गई थी अगर तत्काल आरोपी गिरफ्तार नहीं किये गये तो वह कार्यालय पर आत्मदाह करेगी। आत्मदाह की चेतावनी के बाद पीड़िता का डाॅक्टरी परीक्षण कराकर पुलिस ने न्यायालय में 164 के बयान दर्ज करा दिये। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़िता पिछले 20 दिन से थाने लेकर एसएसपी कार्यालय एवं पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रही थी लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। गुरूवार को भी पीड़िता ने एसएसपी से मुलाकात का प्रयास किया था लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। जबकि आरोपी पक्ष द्वारा एसएसपी से मुलाकात कर पीड़िता पर ही गंभीर आरोप लगाये थे। इससे आहत होकर पीड़ित ने गुरूवार को एसएसपी कार्यालय पर आत्मदाह की घोषण की थी। शुक्रवार को दोपहर करीब 11ः30 बजे रेप पीड़िता हाथ में पेट्रोल से भरा डिब्बा और माचिस लेकर एसएसपी कार्यालय में घुस गई और उसने अपने ऊपर पैट्रोल से भरा डिब्बा उड़ैल लिया जैसे ही माचिस की तीली जलाने का प्रयास किया तभी कार्यालय में ड्यूटी पर तैनात सुरेन्द्र सिंह नामक पुलिसकर्मी की निगाह महिला पर पड़ी और उसने अन्य सहकर्मियों के सहयोग से युवती के हाथ से डिब्बा और माचिस को छीन लिया और कार्यालय के अन्दर लेकर जहां अन्य पुलिस कर्मी आ गये। इस दौरान पीड़िता ने चीख-चीख कर आरोप लगाया कि पुलिस 3 लाख रुपये लेकर आरोपियों को बचा रही है।
- Advertisement -
Report By :- MANISHA PATEL, CRIME DESK, NATION EXPRESS, मथुरा