चोरों की बल्ले बल्ले: दुर्गा पूजा मे पंडाल घूमने गये श्रद्धालुओं के पर्स, मंगलसूत्र, मोबाइल सहित दो दर्जन स्कूटी-बाइक की चोरी
CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
दुर्गा पूजा में इस बार पंडाल घूमने के दौरान कई जगह श्रद्धालुओं के पर्स, मोबाइल सहित दो दर्जन स्कूटी की चोरी की गई। इस संबंध में कई थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, तो कई जगहों पर अब तक लोग प्राथमिकी दर्ज नहीं करा पाए हैं। घटना के बाद लोगों ने थानों में इसकी जानकारी जरूर दी, लेकिन कागजात मौके पर उपलब्ध नहीं होने की वजह से वे प्राथमिकी दर्ज नहीं करा सके हैं।
पूजा की व्यस्तता की वजह से कई थानों में चोरी का आवेदन ले लिया गया है, लेकिन अभी लोगों को प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें एफआईआर नंबर नहीं दिया गया है। जिन जगहों में सबसे अधिक चोरी की घटना हुई, उनमें बकरी बाजार स्थित भारतीय नव युवक संघ, रेलवे स्टेशन पूजा पंडाल और रातू रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग के पूजा पंडाल शामिल हैं, क्योंकि यहां भीड़ काफी ज्यादा थी।
- Advertisement -

कोतवाली, डोरंडा, सुखदेवनगर-चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज
मेकॉन कॉलोनी में मोबाइल चुराया मेकॉन कॉलोनी में लगे मेला परिसर में कई लोगों के मोबाइल की चोरी कर ली गई। डोरंडा श्यामली के रहने वाले पीके चौधरी 23 अक्टूबर को रात 8.40 बजे मेला घूमने के लिए श्यामली कॉलोनी में लगा दुर्गा पूजा मेला घूमने गए हुए थे। उसी दौरान उनका मोबाइल किसी ने चुरा लिया। उन्होंने डोरंडा थाने में अज्ञात के विरुद्ध मोबाइल चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। स्टेशन रोड से स्कूटी की हो गई चोरी कांके चांदनी चौक निवासी वंश खेतान अपने दोस्तों के साथ मेला घूमने निकले थे। स्टेशन रोड स्थित रेलवे बोर्ड ऑफिस के पास अपनी स्कूटी खड़ी कर वह पूजा पंडाल घूमने निकले थे। वापस जब आए तो देखा कि जहां उन्होंने स्कूटी लगाई थी, वहां से गायब है। इसके बाद वंश खेतान ने चुटिया थाने में अपनी स्कूटी चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
![]()
पर्स से मंगलसूत्र उड़ाने वाली महिला को लोगों ने पुलिस को सौंपा
23 अक्टूबर की रात 8 बजे बकरी बाजार में लगे मेले में घूमने आई दलादली की रहने वाली रीता किस्पोट्टा जब वापस लौट रही थीं, तब सेवा सदन जाने वाले मार्ग पर भीड़ का फायदा उठा किसी ने उनका पर्स ब्लेड से काट दिया और उसमें रखा मंगलसूत्र उड़ा लिया। रीता को इस बात की जानकारी उनके पीछे चल रहे लोगों ने दी। इस पर उन्होंने एक महिला को आसपास के लोगों के सहयोग से पकड़ लिया।
उस महिला की तलाशी ली गई तो उसके पास से रीता देवी का मंगलसूत्र तो मिल गया, लेकिन उसका लॉकेट गायब था। क्योंकि उसने किसी और महिला को वह तुरंत दे दिया था। महिला ने नाम पूछने पर कोमल कुमारी बताया, वह रामगढ़ से आई थी। उसके पास से पर्स काटने वाला ब्लेड भी मिला। लोगों ने उस महिला को पुलिस को सौंप दिया। इस संबंंध में रीता ने कोतवाली थाने में उस महिला के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Report By :- ADITI PANDIT, CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI