रांची : सिविल सर्जन ने 9 एलोपैथिक और आयुष डॉक्टर को किया शो-काउज, अपनी ड्यूटी छोड़ कर गायब थे डॉक्टर
HEALTH DESK, NATION EXPRESS, रांची
सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने राजधानी के ब्रांबे, मांडर और बुढ़मू के सामुदायिक स्वास्थ्य केद्रों और सरकारी अस्पतालों के नौ चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने रविवार को इन जगहों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सक कक्ष में पहुंचकर एटेंडेंस रजिस्टर मंगाकर जांच की। इसके साथ ही अस्पताल कर्मी को भी मौके पर बुलवाया। यहां तैनात चिकित्सा पदाधिकारी के साथ ही उपस्थित चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में अनुपस्थित नौ चिकित्सकों को शो कॉज किया गया है।

रांची के सिविल सर्जन के निरीक्षण के दौरान करीब नौ डॉक्टर और दो स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित पाए गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़मू में तीन एलोपैथिक, जबकि दो आयुष डॉक्टर गायब मिले। मांडर में तीन और ब्राम्बे में एक डॉक्टर ड्यूटी से गायब थे। इसे देख सिविल सर्जन नाराज हुए। इसके साथ ही उन्होंने मौके से ही सभी को बारी-बारी से फोन मिलाया। दूसरी ओर किसी ने भी सीएस का फोन नहीं उठाया। सभी गायब कर्मी की हाजिरी काट दी गयी। सिविल सर्जन के औचक निरीक्षण और उपस्थिति पंजी से हाजिरी काटे जाने से स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
- Advertisement -

ब्राम्बे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जांच के क्रम में एक चिकित्सक गायब मिले। अस्पताल का भवन काफी जर्जर पाया गया, जहां जगह-जगह छत से पानी टपक रहा था. यहां इमारत पूरी तरह से खंडहर में तब्दील होती जा रही है। इमरजेंसी वार्ड सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों के निरीक्षण के क्रम में कई खामियां दिखीं। सिविल सर्जन ने अस्पताल की जर्जराअवस्था पर रिपोर्ट भी मांगी, जिसे स्वास्थ्य मंत्रालय भेजा जायेगा।
Report By :- SHIPLI SINHA, HEALTH DESK, NATION EXPRESS, रांची