दोस्त के BIRTHDAY PARTY में जाने पर छात्राओं को मिली दर्दनाक सजा : नाराज टीचर ने 3 छात्राओं की जम कर पिटाई कर दी, 10वीं की छात्रा को लगा अपमान, पीया जहर, रिंची अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रही है जंग
NEWS DESK, NATION EXPRESS, रातु (RANCHI)
रांची के एक अस्तपाल में एक स्कूली छात्रा जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही है. छात्रा का कुसूर सिर्फ इतना था कि वह बिना अनुमति अपने एक दोस्त की बर्थ डे पार्टी में चली गई थी. इसी बात से नाराज टीचर ने उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी. पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है.
रांची में अपने शिक्षकों को बिना बताये दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होना तीन स्कूली छात्राओं को काफी महंगा पड़ गया. स्कूल में शिक्षकों ने तीनों को ना केवल डांटा, फटकारा बल्कि डंडे से पिटाई भी की. जिस कारण अपमान से आहत होकर उनमें से एक पीड़िता छात्रा ने खुदकुशी करने के लिए जहर खा लिया. जिसके बाद पीड़िता की स्थिति गंभीर बनी हुई है. उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.
- Advertisement -
पुलिस ने किया केस दर्ज
स्कूल में हुई इस अमानवीय घटना को लेकर पीड़ित छात्रा के परिजनों ने शिक्षक नीलिन रंजन महतो, शिक्षिका मेल्सा तिर्की और स्कूल के सचिव अशोक महतो के खिलाफ रातू थाना में नामदर्ज प्राथमिकी लिखाई है. जिसके बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है. छात्रा की पिटाई वाली घटना को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी की तरफ से विभागीय स्तर पर छानबीन की जा रही है.
क्या है पूरा मामला?
ये मामला रांची के रातु थाना क्षेत्र के तहत आने वाले कृषक उच्च विद्यालय गाडरी गुड्डू का है. इस स्कूल में पढ़ने वाली दसवीं कक्षा की तीन नाबालिग छात्राएं 22 अगस्त को अपनी एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने चली गईं. उनकी गलती इतनी थी कि उसने इसके लिए स्कूल के शिक्षकों के अनुमति नहीं ली थी. छात्राओं के इसी कदम से नाराज होकर शिक्षकों ने उनसे पूछताछ की और डंडे से पिटाई कर दी.
अस्पताल में नाजुक है हालत
स्कूल में शिक्षकों द्वारा की गई इस पिटाई से आहत होकर एक छात्रा ने घर लौटते ही कीटनाशक पी लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई. बच्ची की बिगड़ती हालात को देखते हुई परिजनों ने उसे तुरंत एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवा दिया. जहां बच्ची की स्थिति नाजुक बनी हई है. स्कूल में शिक्षकों द्वारा की गई पिटाई से घायल हुईं दो अन्य छात्राओं को भी यहां भर्ती कराया गया है, हालांकि उन दोनों की स्थिति सामान्य है
स्कूल प्रबंथन की सफाई
घटना के संदर्भ में स्कूल प्रबंधन से जुड़े लोगों का कहना है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में इन दिनों छात्राओं के साथ जिस तरह की आपराधिक घटनाएं देखने को मिल रही हैं, उन्हीं कारणों से तीनों छात्राओं को दंडित किया गया था. क्योंकि वह बिना बताए दोस्त की बर्थ डे पार्टी में गई थीं. लेकिन इसके बाद स्कूल की एक बच्ची जहर खाने जैसा कदम उठा लेगी, ऐसा किसी ने सोचा नहीं था.
पहले भी हुए ऐसे मामले
इस घटना से पहले झारखंड की कोयला नगरी धनबाद के तेतुलमारी थाना के तहत संत जेवियर स्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा को माथे पर बिंदी लगाकर स्कूल आने पर वहां की शिक्षिका ने सरेआम फटकारते हुए थप्पड़ मार दिया था. घटना से आहत स्कूली छात्रा ने अपने घर पहुंच कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
Report By :- DIPTI AHUJA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, रातु (RANCHI)